9 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan : बीकानेर में महाजन फील्ड फायरिंग रेंज की सुरक्षा में सेंध, सेना के वाहनों से 1500 लीटर डीजल की चोरी

Army Vehicle Diesel Theft : बीकानेर में एशिया की सबसे बड़ी महाजन फील्ड फायरिंग रेंज की सुरक्षा में चोरों ने सेंध लगा दी है। शुक्रवार देर रात चोर सेना के वाहनों से करीब 1500 लीटर डीजल चोरी कर ले गए।
2 min read
Google source verification
bikaner mahajan field firing range army vehicles 1500 litres diesel stolen

Bikaner MFFR : प्रतीकात्मक फाइल फोटो पत्रिका

Army Vehicle Diesel Theft : बीकानेर में एशिया की सबसे बड़ी महाजन फील्ड फायरिंग रेंज की सुरक्षा में चोरों ने सेंध लगा दी है। तमाम सुरक्षा इंतजामों के बावजूद शुक्रवार देर रात चोर यहां से सेना के वाहनों से करीब 1500 लीटर डीजल चोरी कर ले गए। चोरी किए गए डीजल की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। सैन्य सूत्रों के अनुसार शुक्रवार देर रात दो पिकअप में सवार करीब 15-16 लोग रेंज के ईस्ट कैंप क्षेत्र में अवैध रूप से घुसे। आरोपियों ने रेंज में तीन स्थानों से डीजल निकाला और दोनों वाहनों में भरकर चले गए।

रात होते ही सक्रिय हो जाते हैं डीजल चोर

बीकानेर के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में पेट्रोल-डीजल चोरी की घटनाएं लंबे समय से सेना के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। सैन्य सूत्रों के मुताबिक रात के समय कुछ लोग पिकअप सहित रेंज क्षेत्र में घुसकर वाहनों और अन्य स्थानों से ईंधन चोरी करते हैं। इससे बड़ी मात्रा में डीजल-पेट्रोल चोरी होने की बात सामने आई है। रेंज में इन दिनों सेना का युद्धाभ्यास भी चल रहा है।

कड़े सुरक्षा इंतजाम भी बेअसर

रेंज में लगातार हो रही चोरी के बाद सेना की ओर से आसपास की ग्राम पंचायतों और संबंधित पुलिस थानों को लिखित रूप से सूचना दी गई थी। ग्रामीणों को रेंज क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश नहीं करने के लिए जागरूक करने को भी कहा गया था। इसके बावजूद रात के समय चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और रेंज की निगरानी को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहले भी पकड़ी जा चुकी हैं पिकअप, डीजल चोरी का सामान भी मिला था

पिछले वर्ष रेंज में चोरी के लिए घुसी दो पिकअप जीप सेना के जवानों ने अलग-अलग स्थानों से पकड़ी थी। वाहनों में डीजल-पेट्रोल चोरी के लिए ड्रम, जरीकेन और अन्य सामान मिला था। बाद में दोनों पिकअप महाजन पुलिस को सौंप दी गई थीं।

जनवरी में भी पकड़ा गया था युवक

इस वर्ष जनवरी में भी रात के समय एक पिकअप रेंज में घुसी थी। सेना के जवानों की कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया था, जबकि फूलेजी निवासी एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था।

युद्धाभ्यास के बीच वारदात

महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में इन दिनों सेना का युद्धाभ्यास चल रहा है। ऐसे समय में रेंज में अनधिकृत लोगों का प्रवेश और ईंधन चोरी की घटना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती मानी जा रही है। ताजा वारदात के बाद निगरानी और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत सामने आई है।

ईस्ट कैंप के नजदीक गांव
ग्राम पंचायत रामसरा, जसवंतसर, असरासर, गुसाईना, बालादेसर, रतनीसर, मनोहरिया, खियाना, सुलेरा, बडेरण, भीखनेरा, मेघाना, डेलाना बड़ा, लालेरा, मोखमपुरा।

नॉर्थ कैंप के नजदीक गांव
फूलेजी, श्योनाथपुरा, पीपासर, चकजोड़, नया खानीसर, मालेर, गोपालसर, लालगढ़िया, कुम्भगढ़िया, आरजेएम राजाना।

वेस्ट कैंप के नजदीक गांव
खारबारा, भांडसर, 5 सीएम, हंजरासर, भोपालपुरा, बख्तावपुरा, गोविन्दसर, सुखचैनपुरा।

साउथ कैंप के नजदीक गांव
महादेववाली, रामनगर, किसनासर, गौरीसर।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर

फिलहाल घटना में चोरी गए सामान की वास्तविक मात्रा और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही हैं। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और जानकारी सामने आने की संभावना है।
निखिल धवन, लेफ्टिनेंट कर्नल पीआरओ डिफेंस, राजस्थान