बीकानेर

अब डाकघरों में भी मिलेगी बैंकिंग सुविधा, पढ़े पूरी खबर और देखे वीडियो

अगले माह शुरू होंगे इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक,सौ रुपए में खोल सकेंगे खाता
2 min read
post offices

बीकानेर . डाकिए चिट्ठी-पत्री के साथ घरों तक बैंक की सुविधा भी पहुंचाएंगे। जल्द ही डाकघर में लोगों को बैकिंग की सुविधा मिलेगी। खासकर ग्रामीणों को बैंकिंग से जोडऩे के उद्देश्य से सभी डाकघरों में इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक खोल जाएंगे। अगले माह के प्रथम सप्ताह तक यह कार्य योजना मूर्त रूप ले लेगी। बीकानेर में पहले चरण में मुख्य डाकघर, कचहरी परिसर के डाकघर व श्रीडूंगरगढ़ में ये बैंक खोले जा रहे हैं। दूसरे चरण में गांव व शहर के सभी डाकघरों में बैंक के काउंटर खोले जाएंगे।

डाकघर में शुरू होने वाले बैंक में डाकघर के उपभोक्ताओं के अलावा आमजन भी खाता खुलवा सकेंगे। इस बैंक में बचत खाता महज सौ रुपए में खुल जाएगा। इसमें एक लाख रुपए तक राशि जमा रख सकेंगे। वहीं चालू खाता एक हजार रुपए से खुलेगा। एक तरह से इसमें पेपर लैस काम होगा। खाता आधार कार्ड से ही खोल दिया जाएगा।

झिझक मिटाने का प्रयास
इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक को डाकघर में खोलने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बैंक तक लाना है। बड़ी संख्या में लोग अब भी बैंक जाने में झिझकते हैं। ऐसे में डाकिए ग्रामीणों तक पत्र पहुंचाने जाएंगे तो उन्हें बैंक से जुडऩे के लिए जागरूक करेंगे। ग्रामीणों की मांग पर डाकिए उनके घर जाकर बैंकिंग की प्रक्रिया समझाएंगे। उनका खाता खोलेंगे और पैसा जमा व निकालने की प्रक्रिया समझाएंगे।


दिया जा रहा प्रशिक्षण
मुख्य डाकघर परिसर में पास्टपोर्ट कार्यालय के पास बैंक परिसर तैयार किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण डाकियों, डाक सहायकों, उप डाकपाल को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसमें प्रशिक्षक मनीष सहारण,
जयपाल, अरुण सोलंकी डाक कर्मचारियों को बैकिंग से संबंधित कार्यों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। शुक्रवार को बीकानेर के मुख्य डाकघर में प्रशिक्षण दिया गया।

जल्द ही शुरू होगी सुविधा
&इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक भारत सरकार का ही उपक्रम है। यह मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकों से जुडऩे से वंचित लोगों, दिहाड़ी मजदूर, महिलाओं, बुजुर्गों के लिए अहम साबित होंगे। पेमेंट बैंक बीकानेर में मई के पहले सप्ताह तक तैयार हो जाएगा। इसके बाद सेवा सुचारू होगी।
प्रदीप कुमार, एरिया मैनेजर, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक

Published on:
28 Apr 2018 01:03 pm