बीकानेर

बज्जू-जैसलमेर सड़क के बर्म से नहीं हटाए पेड़ व पोल, हादसे की आशंका

इस सड़क के बर्म पर लगे विद्युत पोल व पेड़ नहीं हटाने से हर समय हादसे की आशंका रहती है।
2 min read
• •
Updated: 21 Apr 2018, 3:16 PM IST
Bazju-Jaisalmer road
विद्युत पोल

बज्जू. आरडी ९३१ से जैसमलेर जाने वाली मुख्य सड़क करीब तीन वर्ष के कार्य के बाद अब पूर्ण होने में कुछ दिन शेष है लेकिन इस सड़क के बर्म पर लगे विद्युत पोल व पेड़ नहीं हटाने से हर समय हादसे की आशंका रहती है। सड़क पर कई जगह ढलान पर दीवारें भी नही बनाई है।

आरडी ९३१ के चौराहे से शुरू होने वाली सड़क पर गहराई वाली ढलान है। यहां पर दीवार व संकेतक नही लगाए है। साथ ही सड़क पर पोल व पेड़ को भी विभाग हटा नही रहा है। एक सप्ताह पूर्व हादसे में सड़क के किनारे लगे पेड़ से एक ट्रैक्टर पेड़ से टकरा गया था।

मेगा हाइवे पर गड्ढा
जैतपुर. गांव में अरजनसर-पल्लू मेगा हाइवे पर बस स्टैण्ड पर दस दिन से सड़क पर गड्ढा बना है। इससे कभी भी हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि टोल प्लाजा कंपनी ने भी सड़क पर बने गड्ढों को ठीक करना मुनासिब नहीं समझा तथा सड़क के किनारे बोर्ड लगाकर कार्य की ईतिश्री कर ली है। इस क्षेत्र में सेना के वाहनों की आवाजाही लगी रहती है तथ आबादी क्षेत्र के होने के साथ मेगा हाइवे पर यातायात दबाव रहता है। ग्रामीणों ने गड्ढों को जल्द दुरुस्त करवाने मांग की है।

ई-मित्र प्लस डिजिटल मशीन का लोकार्पण
श्रीडूंगरगढ़. डिजीटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग की ओर से बाडेला ग्राम पंचायत में स्थापित ई-मित्र प्लस मशीन का उद्घाटन शुक्रवार को सरपंच तोलाराम ज्याणी द्वारा किया गया। अटल सेवा केन्द्र में हुए इस कार्यक्रम में सूचना सहायक रूपेश कुमार स्वामी एवं एलपीजी वितरक घनश्याम ने बताया कि इस मशीन से ग्रामीणजन जाति, मूल निवास, जन्म, मृत्यु, विवाह आदि प्रमाण पत्र प्रिंट कर सकेंगे।

इसके साथ ही पानी, बिजली, टेलीफोन व अन्य बिल भी भरे जाएंगेे। मौके पर सरपंच ने ई-मित्र प्लस मशीन का उपयोग करते हुए वीडियो कॉन्फ्रेस की। इस दौरान मोहरसिंह, मैनादेवी, राकेश कुमार, रघुवीर, आनन्द स्वामी, धन्नानाथ सिद्ध मौजूद थे।

सूडसर. दुलचासर ग्राम पंचायत के अटल सेवा केन्द्र में ई-मित्र प्लस डिजिटल मशीन का शुक्रवार को लोकार्पण सरपंच गिरधारीलाल महिया ने किया। ई-मित्र संचालक हेतराम बुडिय़ा ने इस ई प्लस डिजिटल मशीन की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ई-प्लस डिजिटल मशीन लगने से ग्रामीणों को जाति, मूल निवास प्रमाण पत्र आदि का नवीनीकरण करवाने में लाभ मिलेगा। इस दौरान पशु चिकित्सालय दुलचासर के प्रभारी डॉ. वेदप्रकाश चौधरी, पंचायत रोजगार सहायक मालाराम महिया, मोहनलाल बुडिय़ा, सोहनराम गिंवारिया, सुरजनसिंह राजपूत, रामदयाल आदि मौजूद थे।

Published on: