
बीकानेर। राजस्थान पुलिस को अंतरराष्ट्रीय नशा और हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। बीकानेर, खाजूवाला थाना, साइबर सेल और जिला पुलिस स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में 75 हजार रुपए के इनामी अपराधी राकेश प्रजापत को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अप्रेल में बीकानेर में पकड़ी गई करीब 75 करोड़ रुपए की हेरोइन की ड्रोन ड्रॉपिंग का मास्टरमाइंड है। इसके अलावा वह हथियारों की तस्करी से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नाको-आर्म्स सिंडिकेट का प्रमुख सरगना भी बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि आरोपी पर बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक की ओर से 50 हजार रुपए और पाली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे पर ट्रक से जोधपुर जाते समय गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि राकेश प्रजापत पिछले 13 महीने से लगातार फरारी काट रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदलता रहा और सोशल मीडिया पर भी फर्जी पहचान के साथ सक्रिय था। पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार तकनीकी निगरानी रख रही थी। विश्वसनीय सूचना मिलने पर विशेष टीम ने नाकाबंदी कर उसे दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2024-25 में पंजाब की फरीदकोट जेल में बंद रहने के दौरान आरोपी की अंतरराष्ट्रीय नशा और हथियार तस्करी गिरोह से पहचान हुई। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने पुराने साथियों के साथ मिलकर सीमा पार से ड्रोन के जरिए हेरोइन और हथियार मंगाने तथा उन्हें पंजाब समेत अन्य राज्यों में पहुंचाने का नेटवर्क तैयार किया। देखते ही देखते उसने एक संगठित सिंडिकेट खड़ा कर लिया।
राकेश प्रजापत के खिलाफ राजस्थान, पंजाब, गोवा और कर्नाटक में हत्या के प्रयास, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं सहित कुल 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। बीकानेर, पाली, गोवा, पंजाब और ब्यावर पुलिस को उसकी तलाश थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी खाजूवाला क्षेत्र में ड्रोन ड्रॉपिंग के जरिए हेरोइन और हथियारों की तस्करी कराने वाले नेटवर्क का मुख्य संचालक था। इसी नेटवर्क से जुड़े मामले में पहले पुलिस ने 10.999 किलोग्राम अफगानी हेरोइन, 11 विदेशी पिस्टल, 22 मैगजीन और 100 कारतूस बरामद किए थे। जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 करोड़ रुपए आंकी गई थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क, ड्रोन सप्लाई चेन और उसके सहयोगियों से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी उससे पूछताछ करेंगी। पुलिस का दावा है कि इस गिरफ्तारी से सीमा पार संचालित नशा और हथियार तस्करी नेटवर्क की कई अहम कड़ियां उजागर हो सकती हैं।