बीकानेर

छत से गिरा युवक, ट्रेन की चपेट में आई युवती

गंगाशहर थाना क्षेत्र में घर की छत से गिरने पर एक युवक की मौत हो गई।
2 min read
bikaner accident
bikaner accident

बीकानेर. गंगाशहर थाना क्षेत्र में रविवार को घर की छत से गिरने पर एक युवक की मौत हो गई। हालांकि परिजन उसे लेकर पीबीएम के ट्रोमा सेंटर पहुंचे लेकिन, चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पीबीएम पुलिस चौकी प्रभारी संदीप बिश्नोई ने बताया कि गंगाशहर में कार्य करते समय घर की छत से गिरने पर अर्जुन (४०) पुत्र महादेव मंडल गंभीर घायल हो गया। परिजन पीबीएम के ट्रोमा सेंटर लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बिहार का रहने वाला है। शव को पीबीएम के मुर्दाघर में रखवाया गया है।

उधर, रेल लाइन क्रॉस करते समय ट्रेन की चपेट में आने से युवती की मौत हो गई। जेएनवीसी पुलिस के अनुसार जावेद हुसैन ने बताया कि उसकी बहन जरीना बानो शनिवार की सुबह साढ़े सात बजे कोचिंग सेंटर जा रही थी। इस दौरान घड़सीसर मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। जेएनवीसी पुलिस ने रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की।


वाहनों की टक्कर, दो घायल
महाजन . यहां से करीब 16 किमी दूर राजमार्ग 15 पर अरजनसर कस्बे में पल्लू चौराहे पर रविवार तड़के करीब 4 बजे एक पिकअप व ट्रक की टक्कर में दो व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर की तरफ से काकडिय़े भरकर बीकानेर जा रही पिकअप अरजनसर चौराहे पर पल्लू की तरफ से आ रहे ट्रक से टकरा गई।

हादसे में पिकअप में सवार सूरतगढ़ क्षेत्र के 9 एसपीडी निवासी पवन कुमार स्वामी व सोनू नायक गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पिकअप पूर्णतया क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं काकडिय़े भी सड़क पर दूर तक बिखर गए। हादसे की सूचना मिलने पर महाजन पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों महाजन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बीकानेर के पीबीएम रेफर कर दिया गया।

Published on:
30 Jul 2018 08:30 am