
बीकानेर . जिले में आंधी-तूफान की आशंका को देखते हुए विद्युत निगम सतर्क हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत तंत्र को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए सभी उपखंड मुख्यालयों पर अभियंताओं की टीमें लगाई गई है। इसमें कनिष्ठ व सहायक अभियंता सहित टीमें गांवों में जाकर बिजली लाइनों की स्थिति, ट्रांसफार्मर, खंभों की स्थिति का जायजा लेंगे। कहां किस तरह की खामियां है, उनको संकलित कर उनका निस्तारण किया जाएगा। प्रत्येक उपखंड मुख्यालय पर एक-एक अभियंता को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई। कुछ दिनों पूर्व आई बारिश-आंधी के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत तंत्र लडखड़ा गया था। इस दौरान करीब डेढ़ सौ विद्युत पोल टूट गए थे।
फिर नहीं हो परेशानी
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में आंधी-तूफान की चेतावनी दे रखी है। इसको देखते हुए विद्युत निगम चिन्तित है। अधीक्षण अभियंता कृष्णलाल घुघरवाल ने बताया कि तूफान में फिर से किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हो इसके लिए झूलते तारों को कसा जा रहा है। तारों मंे उलझी पेड़ की टहनियों को हटाने के साथ ही क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त किया जाएगा। जर्जर पोल बदले जाएंगे ताकि दुर्घटना की कोई आशंका नहीं रहे।