
बीकानेर. शहर में मानसून की बरसात का इंतजार कर रहे लोगों का इंतजार गुरुवार शाम को खत्म हो गया, रात को अचानक हुई बादलवाही के बाद बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के लूणकरणसर और महाजन में दिन में बादल जोरदार बरसे। गांवों में हुई बरसात से फसलों को फायदा होगा। इससे पहले दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी में लोग पसीने से भीगे हुए नजर आए।
उधर महाजन क्षेत्र में दोपहर को बादल जमकर बरसे। ग्रामीण अंचल में बरसात होने से ग्वार, मूंगफली सहित अन्य फसलों को फायदा होगा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया।
गुरुवार को सुबह सूरज निकलने के साथ ही गर्मी काफी तेज हो गई। दोपहर तक गर्म हवा चलने से लोगों ने बाहर निकलने से परहेज किया। वहीं दोपहर बाद बादलवाही होने से लोगों को बरसात की उम्मीद बंधी, लेकिन बरसात नहीं हुई। दिन में तेज गर्मी के चलते अधिकतम तापमान एक दशमलव छह डिग्री बढ़कर 40.8 डिग्री पहुंच गया तो न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री बढ़कर 31.2 डिग्री सेल्सियस हो गया।
महाजन. कस्बे व आसपास के ग्रामीण अंचल में गुरुवार दोपहर बाद हुई जोरदार बरसात से किसानों के चेहरों पर खुशी छा गई। वहीं जोरदार बरसात होने से कस्बे की गलियों में पानी भर गया। इससे पहले कस्बे में सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए थे। दोपहर बाद बरसात का दौर प्रारम्भ हो गया। जो करीब पौन घण्टे तक जारी रहा। जमकर बरसात होने से चारों तरफ पानी ही पानी हो गया। वार्ड दस के नीचले इलाके में गलियों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ।