
बीकानेर. नगर निगम चुनाव में शनिवार को मतदान होगा। मतदाता सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कर सकेंगे। निगम के 80 वार्डों में पार्षदों के लिए 334 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। निगम के 80 पार्षद चुनने के लिए 4 लाख 41 हजार 335 मतदाता420 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें 2,27,426 पुरुष व महिला मतदाता 2,13,903 महिला मतदाता हैं। वहीं 6 थर्ड जेण्डर मतदाता भी शामिल हैं।
मतदान करवाने के लिए शुक्रवार को पॉलीटेक्निक कॉलेज से मतदान दलों में शामिल 1793 कार्मिक निर्वाचन सामग्री व ईवीएम के साथ 420 मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए और शाम तक अपने केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी की। इससे पहले मतदान दल कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी कुमारपाल गौतम ने इन कार्मिकों को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शान्तिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव करवाने के लिए प्रशासन ने सभी व्यवस्था की हैं। इस दौरान पर्यवेक्षक नारायण सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एएच गौरी, रिटर्निंग अधिकारी मेघराज मीणा उपस्थित रहे।
कॉलेज से ही वाहनों की व्यवस्था
मतदान दलों को जाने के लिए पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर से ही वाहनों की व्यवस्था की गई। गौतम ने बताया कि मतदान दल कार्मिकों को निर्वाचन सामग्री व ईवीएम टेबल पर उपलब्ध करवाई गई। उन्हें कालेज परिसर के विभिन्न कक्षों व पंडाल में विभिन्न काउन्टर से आवश्यक जानकारियां व सामग्री उपलब्ध करवाई गई।
79 अति संवेदनशील मतदान केन्द्र
निकाय चुनाव को लेकर 80वार्डों में 79 अति संवेदनशील मतदान केन्द्र चिह्नित किए गए है। इन मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। गौतम ने बताया कि शान्तिपूर्ण मतदान कराने के लिए प्रत्येक वार्ड में 1 सेक्टर मजिस्टे्रट और समस्त वार्डों के लिए 8 एरिया मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
दृष्टिहीन मतदाता ले सकेंगे सहायता
दृष्टिहीन या शिथिलांग मतदाता मतदान यूनिट पर प्रतीक पहचानने में या समुचित बटन दबाकर मत रिकॉर्ड करने में असमर्थ है, तो उन्हें एक साथी मतदान कक्ष में ले जाने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन ऐसा व्यक्ति 18 वर्ष से कम आयु का नहीं होना चाहिए। गौतम ने बताया कि चुनाव अधिकारी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी व्यक्ति को एक दिन में एक से अधिक निर्वाचक के साथी के रूप में कार्य करने की अनुमति न दी जाए। यद्यपि नई मॉडल की मशीनों के बैलेट यूनिट में दाईं ओर ब्रेल लिपि में अभ्यर्थियों के क्रमांक की पहचान कर दृष्टिहीन मतदाता मत दे सकते हैं।
दिव्यांग मतदाताओं को सुविधा
नगर निगम चुनाव में दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक लाने व पुन: घर तक पहुंचाने के लिए सुविधा रहेगी। इसके लिए गौतम ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एलडी पंवार को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कोई भी दिव्यांग मतदाता मोबाइल नम्बर 9928439188 पर सम्पर्क कर सकते हैं। साथ ही जोनल मजिस्ट्रेट और एरिया मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे भी नोडल अधिकारी से इस संबंध में सम्पर्क कर सकेंगे।
स्ट्रांग रूम में रहेंगी ईवीएम
मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम पॉलीटेक्निक कॉलेज में स्ट्रांग रूम में रहेंगी। गौतम ने बताया कि स्ट्रांग रूम में वार्ड वार ईवीएम रखने की व्यवस्था के साथ पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त किए गए है।