ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया हुई बंद, ऑनलाइन आवेदन ही होंगे स्वीकार्य
बीकानेर. नगर निगम से संबंधित सात सेवाओं के लिए अब आमजन को ऑनलाइन आवेदन ही करने होंगे। इन सेवाओं के लिए अब ऑफलाइन आवेदन स्वीकार्य नहीं होंगे। डीएलबी से प्राप्त आदेश की पालना में निगम ने इन सात सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन स्वीकार करने की व्यवस्था प्रारंभ कर दी है। आयुक्त गोपालराम बिरदा के अनुसार आमजन से अब इन सात सेवाओं के लिए ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
ये हैं वह सात सेवाएं
आयुक्त के अनुसार नामांतरण, फायर एनओसी, बीपीएएस, मोबाइल टावर एण्ड ओएफसी, सीवर कनेक्शन,होर्डिग लाइसेंस, ट्रेड लाइसेंस सेवाएं शामिल हैं। इन सेवाओं के लिए अब आमजन को ऑनलाइन आवेदन ही करने होंगे।
कई सेवाओं के लिए ऑनलाइन सुविधा
आयुक्त के अनुसार सात सेवाओं में से अधिकतर सेवाओं में ऑनलाइन सुविधाएं चल रही है। इनमें फायर एनओसी, सीवर कनेक्शन, ट्रेड लाइसेंस, नामांतरण और मोबाइल टावर एनओसी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पहले ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन सुविधा भी चल रही थी। एक अप्रेल से अब केवल ऑनलाइन सुविधा ही इन सात सेवाओं में मिल सकेगी।