बीकानेर

शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, चार वाहन बरामद

चार वारदातें कबूली, दुपहिया वाहन चोरी की अन्य वारदातें भी खुलने की संभावना  
2 min read
• •
Updated: 29 Jul 2021, 4:57 PM IST
शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, चार वाहन बरामद
शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, चार वाहन बरामद

नोखा. क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को पकडऩे में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ करने पर उसने चार बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस ने उससे चुराई गई चार बाइक भी बरामद की है। सीआई ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि कस्बे में बाइक चोरी की वारदातों का खुलासा करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने गत दिनों सब्जी मंडी के पास सब्जी लेने गए जोरावरपुरा बास निवासी रामेश्वर भाम्भू की बाइक चोरी होने के मामले में अनुसंधान शुरू करते हुए वहां पर लगाए गए सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें बाइक चुराकर ले जाने वाले युवक के हाथ पर प्लास्टर बंधा नजर आया। टीम ने इस युवक की पहचान की और उसे पकड़कर पूछताछ करने पर उसने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में रोड़ा निवासी रामधन पुत्र राजेंद्र बिश्नोई को गिरफ्तार किया। बाद में पुलिस पूछताछ में उसने विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चुराई गई चार बाइक भी बरामद की है। आरोपी शातिर बाइक चोर है, उससे पुलिस पूछताछ में दुपहिया वाहन चोरी की अन्य वारदातें भी खुलने की संभावना है।


इन स्थानों से बाइक चुराना किया कबूल
पुलिस पूछताछ में आरोपी रामधन ने हाल ही नोखा में सब्जी मंडी के पास से एक बाइक चोरी करना, दस दिन पहले सदर बाजार में श्रीकृष्ण मंदिर एक बाइक चुराना, तीन महीने पहले कुम्हारों के चौक से बाइक चुराना और करीब दो माह पहले श्रीडूंगरगढ़ में बाजार से एक बाइक चुराना स्वीकार किया है।


टीम में शामिल
बाइक चोरी की वारदातों का खुलाशा करने वाली टीम में एसआई भोलाराम, एएसआई सुरेश सिंह, एचसी खेताराम, कांस्टेबल हेमसिंह, भागीरथ, प्रेमाराम, साईबर सेल कार्यालय के कांस्टेबल दिलीप सिंह आदि शामिल थे।

Updated on:
29 Jul 2021, 4:57 PM IST
Published on: