बीकानेर

सहेली के घर गई नाबालिग के साथ बलात्कार

Bikaner Rape with minor- रात को सहेली के घर रुकी थी नाबालिग लड़की, किसी को बताने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी, मामला दर्ज
2 min read
• •
Updated: 26 Jul 2019, 6:00 AM IST
Bikaner - Rape with minor
सहेली के घर गई नाबालिग के साथ बलात्कार

बीकानेर. जिले के पूगल थाना क्षेत्र में दो दिन पहले अपनी सहेली के घर गई नाबालिग के साथ उसकी सहेली के भाई द्वारा बलात्कार करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पीडि़ता के परिजनों ने पूगल थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार नाबालिग लड़की २३ जुलाई को दिन में अपनी सहेली के घर गई थी और रात को वहीं ठहरी थी। रात को घर के सभी सदस्य सो गए तब नाबालिग लड़की को उसकी सहेली का भाई प्रकाश पुत्र पाबूराम नायक जबरन ले गया और डरा-धमका कर बलात्कार किया।

आरोपी ने इसके बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में पीडि़ता ने रात को ही अपनी सहेली और उसके परिजनों को बताया। बाद में पीडि़ता बदहवास हालत में अपने घर पहुंची और परिजनों को आप बीती सुनाई। इसके बाद परिजन पूगल थाने में मामला दर्ज कराने पहुंचे। सीआइ महावीरप्रसाद ने बताया कि पीडि़ता का मेडिकल मुआयना कराया गया है। आरोपी की धरपकड़ के लिए उसके कई ठिकानों पर दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं लगा।


शव की शिनाख्त, परिजनों को सौंपा
बीकानेर. जूनागढ़ के पीछे मुख्य डाकघर के पास बुधवार को मृत मिले युवक की शिनाख्त हो गई है। मृतक का नाम सहीराम (35) पुत्र आईदानराम भाट है। मृतक पूगल रोड़ स्थित झुग्गियों का रहने वाला था और मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार बुधवार को सहीराम मजदूरी करने गया था। गुरुवार सुबह परिजन कोटगेट पुलिस के साथ पीबीएम की मोर्चरी पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सहीराम शराब पीने का आदी था। वह पहले भी कई बार अत्यधिक शराब के नशे में मिल चुका है। गौरतलब है कि बुधवार को मुख्य डाकघर के पास एक युवक अचानक सड़क पर गिर गया जो 35 मिनट तक सड़क पर पड़ा रहा। बाद में समाजसेवी दिनेशसिंह भदौरिया व कोटगेट पुलिस पहुंची तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पीबीएम अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया था जिसकी पहचान सहीराम के रूप में हुई।

Published on: