बीकानेर

Bikaner Weather: सूर्य धूल के पीछे से भी सुखाता रहा खून, पारा 42.8 पर, धूलभरी आंधी की संभावना

Bikaner Weather: दोपहर बाद धूल भरे वातावरण ने धीरे-धीरे सूर्य को ढंकना शुरू किया और शाम से पहले ही सूर्य देव धूल के इन गुबारों के पीछे चले गए, लेकिन उन्होंने आग बरसाने में जैसे कोई रियायत नहीं की।
2 min read
• •
Updated: 18 Apr 2022, 7:15 PM IST
Bikaner Weather: सूर्य धूल के पीछे से भी सुखाता रहा खून, पारा 42.8 पर, धूलभरी आंधी की संभावना
Bikaner Weather: सूर्य धूल के पीछे से भी सुखाता रहा खून, पारा 42.8 पर, धूलभरी आंधी की संभावना

बीकानेर. Bikaner Weather: बीकानेर में गर्मी का दौर बदस्तूर जारी है। दिन में चलने वाली लू पसीना लाने के साथ खून सुखाती सी भी लग रही है। लिहाजा लू का भी प्रकोप निरंतर जारी है। सोमवार को भी यही आलम रहा, जब पूरे दिन भीषण लू चली। हालांकि दोपहर बाद धूल भरे वातावरण ने धीरे-धीरे सूर्य को ढंकना शुरू किया और शाम से पहले ही सूर्य देव धूल के इन गुबारों के पीछे चले गए, लेकिन उन्होंने आग बरसाने में जैसे कोई रियायत नहीं की। शाम सात-आठ बजे तक गर्म हवा के थपेड़े चेहरे व बदन के खुले हिस्सों को भीषण गर्मी का अहसास कराते रहे।

पारा भी 42.8 डिग्री के अधिकतम और 28 डिग्री के न्यूनतम आंकड़ों के साथ रात और दिन गर्मी का अहसास कराता रहा। गौरतलब है कि रविवार को बीकानेर के पारे ने राजस्थान अधिकतम तापमान में अपने नाम दिन का रिकॉर्ड दर्ज करवाया था, जब अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री दर्ज हुआ था। एक दिन पहले यानी शनिवार को भी अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री के आसपास रहा, जिसने चिलचिलाती गर्मी का अहसास कराया।

सड़कों पर कम रहा आवागमन

बीकानेर में सोमवार की सुबह तल्ख गर्मी के साथ शुरू हुई। आठ बजे सुबह से ही गर्म हवाओं ने फिजां में अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी। कार्यालयों में सप्ताह की शुरुआत के साथ ही पहला दिन होने के बावजूद भी ठीक 10 बजे दिन में भी सड़क पर यातायात में रही कमी ने पारे की तल्खी का अहसास कराया। 11 बजते-बजते तो गर्मी अपनी रवानी पर रही और लू के थपेड़े शरीर को झुलसाते हुए दिखे।

आगे क्या रहेगा

मौसम विभाग की मानें, तो तापमान में अगले कुछ दिनों में भारी गिरावट या बड़े परिवर्तन की कोई संभावना नजर नहीं आती। तापमान के 42 से 44 डिग्री के आसपास तक बने रहने के आसार हैं। जिले के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ धूल भरी आंधी और कहीं कहीं बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश तक होने की भी संभावना जताई जा रही है। यह स्थिति अगले कुछ और दिन बनी रह सकती है।

Updated on:
18 Apr 2022, 7:15 PM IST
Published on: