
बीकानेर. प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और लगातार बढ़ रहे अपराधों के विरोध में शुक्रवार को भाजपा के प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत शहर व देहात भाजपा ने संयुक्त रूप से कर्मचारी मैदान में धरना देकर कलक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। धरने के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) शैलेन्द्र देवड़ा व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पवन कुमार मीणा को राज्यपाल के नाम ३० सूत्री ज्ञापन सौंपा। इससे पहले कर्मचारी मैदान में धरने के दौरान हुई सभा को संबोधित करते हुए देहात भाजपा अध्यक्ष व विधायक बिहारी लाल बिश्नोई, विधायक सुमित गोदारा, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. विश्वनाथ मेघवाल,शहर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य सहित भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में अपराधी बेखौफ घूम रहे है। आमजन में भय एवं आक्रोश व्याप्त है। कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है। अपराध बढ़ रहे है। विशेषकर महिलाओं व अनुसूचित जाति के लोगों पर अत्याचार बढ़ रहे है। मनमाने तरीके से स्थानीय निकायों और पंचायतों का परिसीमन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
ये रखी मांगे
शहर व देहात भाजपा की ओर से राज्यपाल के नाम भेजे गए ज्ञापन में हत्या व बलात्कार जैसे अपराधों की घटनाओं को फास्ट ट्रेक न्यायालय में जल्द सुनवाई कर तीन माह में निस्तारण करने, बीकानेर शहर में युवती से बलात्कार व हत्या के मामले में दोषियों पर कडी कार्रवाई करने, नोखा उपखण्ड परिक्षेत्र में तीसरी नई पंचायत समिति प्रस्तावित करने, श्रीडूंगरगढ़ में नवसृजित पंचायत समिति का मुख्यालय ग्राम उपनी से बदलने की मांग की। इसी प्रकार बीकानेर जिले में किसानों का बकाया डिग्गी अनुदान दिए जाने, प्रस्तावित एनएच ७५४ के काण्डला से अमृतसर में अवाप्त भूमि से प्रभावित किसानों के मुआवजे के निर्धारण में बाजार दर से चार गुणा किए जाने आदि की मांगे रखी।