
बीकानेर . खनन व्यापारियों से बंधी लेने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) के अधिकारियों की ओर से गिरफ्तार खनिज अभियंता विजयशंकर के अलवर स्थित किराए के मकान और उसके चेम्बर की तलाशी ली गई है।
उसके मकान व चेम्बर से कुछ फाइलें मिली हैं। इनको खंगाला गया है।
एएसपी रजनीश पूनिया ने बताया कि खनिज अभियंता विजय शंकर जयपाल ने अलवर के शिवाजी पार्क में किराए का मकान ले रखा था। बुधवार को अलवर एसीबी के सहयोग से उसके मकान और उसके ऑफिस चैम्बर की तलाशी कराई गई। ऑफिस में मिली संदिग्ध फाइलों को खंगाला गया है। वहीं रिमांड खत्म होने पर खनिज अभियंता विजयशंकर व दोनों दलाल दीपक व मुकेश को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
यह है मामला
अलवर में खान एवं भू-विभाग में पद स्थापित खनिज अभियंता को रविवार को एसीबी बीकानेर की टीम ने रोडवेज बस स्टैंड के पास मंगलम होटल के सामने दो दलालों से मंथली बंदी के ५.९८ लाख रुपए लेते रंगे हाथों ट्रेप किया था। एसीबी के एएसपी रजनीश पूनिया के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
बाद में समतानगर स्थित उसके किराए के घर और ससुर अर्जुनलाल के घर पर तलाशी की गई। दोनों घरों की तलाशी में ८२ लाख से अधिक की चल-अचल संपति मिली है। आरोपित खनिज अभियंता के लॉकर से तीन सौ ग्राम सोना तथा 1400 ग्राम चांदी के जेवरात और उसके ससुर के लॉकर से सवा छह सौ ग्राम सोना तथा करीब पौने तीन किलो चांदी के आभूषण व दो प्लॉट के दस्तावेज मिले हैं।
फर्जी लाइसेंस मामले में एक और गिरफ्तार
बीकानेर. नगालैण्ड से फर्जी दस्तावेज के आधार पर हथियारों के लाइसेंस बनवाने के मामले में नयाशहर पुलिस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से हथियार व लाइसेंस बरामद कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस अब तक पांच जनों को गिरफ्तार कर चुकी है।
सीआई बहादुरसिंह ने बताया कि रामपुरा बस्ती गली नंबर दो निवासी इमरान पुत्र कादिर शाह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर नगालैंड से हथियार का लाइसेंस बनवा लिया था। पुलिस कई दिनों से आरोपित की तलाश में थी, लेकिन हाथ नहीं लगा। बुधवार को पुलिस ने आरोपित को रामपुरा बस्ती से गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि इससे पूर्व मनोज बिश्नोई, हसन अली, रियाज, मुश्ताक अली को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
यह है मामला
अक्टूबर-२०१७ में उदयपुर पुलिस ने नगालैंड से हथियार बनाने वाले गिरोह का भांडाफोड़ कर मुख्य सरगना सहित तीन जनों को गिरफ्तार कर किया था। सरगना के मुताबिक उसने प्रदेश में ५०० से अधिक फर्जी लाइसेंस बनवाए हैं। सर्वाधिक फर्जी लाइसेंस बीकानेर, जयपुर , सीकर के बनवाए थे। उदयपुर में कार्रवाई के बाद बीकानेर के नयाशहर थाने में पांच जनों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया। बीकानेर पुलिस ने एेसे ८४ लोगों को सूचीबद्ध किया है।