एक साल पूर्व स्वर्ण व्यापारी से लूटे थे ७००-८०० ग्राम सोने के जेवरात
बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में सैटेलाइट हॉस्पिटल के पास करीब एक साल पहले दुकान से घर जा रहे व्यापारी के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के जेवरात लूट ले जाने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है वहीं दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया है।
सीओ सिटी सुभाष शर्मा ने बताया कि लूणकरनसर तहसील के डूडीवाली हाल जालू की जी बाड़ी निवासी भागीरथ पुत्र भंवरलाल डूडी को गिरफ्तार किया वहीं इसके दो साथी जो नाबालिक है, जिन्हें निरुद्ध किया गया है। आरोपी ने १२ फरवरी, २०२० को पारीक चौक निवासी चांदरतन पुत्र नरसीलाल सोनी के साथ हुई लूट की वारदात को कबूल किया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद एक और आरोपी को नामजद किया जा चुका है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह था मामला
पारीक चौक निवासी चांदरतन सोनी १२ फरवरी, २०२० की रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर घर जा रहा था। सैटेलाइट हॉस्पिटल के पीछे गणेश मंदिर वाली रोड पहुंचा तक पीछे से बाइक पर तीन जने आए। आरोपियों ने चांदरतन की गर्दन जोर से मुक्का मारा, जिससे वह हड़बड़ा गया। लूटेरों ने बाइक को लात मारकर गिरा दिया। आरोपी सर्राफा व्यवसायी से सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लूट कर भाग गए। बैग में 700-800 ग्राम सोने के जेवरात थे। उक्त आरोपी रात को दुकान व बाजार से घर लौटने वाले लोगों को अंधेरी व सुनसान जगह पर लूटते हैं।
चार दिन में तीसरी वारदात खोली
नयाशहर पुलिस ने चार दिन में लूट की तीसरी वारदात से पर्दा उठा दिया है। १२ नवंबर, २०२० को गोपालदा से मारपीट कर ३५ हजार रुपए लूट, १४ नवंबर, २०२० को सुरजाराम से मारपीट कर ३० हजार की लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी अशोक बिश्नोई को पकड़ा था। अब चार दिन बाद एक साल पहले सर्राफा व्यवसायी चांदरतन सोनी के साथ मारपीट कर ७००-८०० ग्राम सोने के जेवर लूट ले जाने वाले मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है वहीं दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया है।
यह वारदातें अभी भी अनसुलझी
नयाशहर थाना क्षेत्र में ही हाल ही में हुई लूट की दो बड़ी वारदातों से पुलिस पर्दा उठा नहीं पाई है। पांच माह पहले रेलवे वर्कशॉप के पास स्थित डाकघर में करीब साढ़े तीन लाख लूट और जनवरी माह में लूटेरे १० लाख ७२ हजार रुपए लूट ले गए। इतना ही नहीं लूटेरों ने बैंक मैनेजर को गोली मार कर घायल कर दिया था। इन दोनों बड़ी वारदातों में पुलिस को अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
लूट की वारदात से इन्होंने उठाया पर्दा
लूट की एक और वारदात का खुलासा करने वाली टीम में नयाशहर सीआइ गोविंद सिंह चारण, हैड कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह, अब्दुल सत्तार, कांस्टेबल रामनिवास, वासुदेव, लखविन्द्र सिंहए योगेन्द्र, मुखराम, धर्माराम, साइबर सेल के हैड कांस्टेबल दीपक कुमार एवं कांस्टेबल दिलीप सिंह शामिल रहे।