
छत्तरगढ़. खाजूवाला-छत्तरगढ़ वाया सत्तासर सड़क पर एक प्राइवेट बस गुरुवार सुबह ट्रोले को साइट देने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक सहित तीन जने घायल हो गए। इस दौरान एकबारगी बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हालांकि कोई जनहानि नहीं होने से बड़ा हाेने से टल गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह एक प्राइवेट बस सवारियां भरकर खाजूवाला से छत्तरगढ़़ आ रही थी। तभी रास्ते में सत्तासर गांव नजदीक 7 एसटीएम पास सामने से आ रहे चारे से भरे ट्रोले के चालक को साइट देने के प्रयास में सड़क से नीचे उतर कर बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बस चालक इमाम निवासी कंकराला, नर्स सुनीता व मनोहरलाल घायल हो गए। गनीमत रही कि कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई। बस में महिला, बच्चों सहित 35 सवारियां थीं। हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हादसे की सूचना छतरगढ़़ थाने में दी। इसके बाद एसएचओ जय कुमार भादू पुलिस जाब्ते को लेकर घटना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान चालक सहित तीनों घायलों को ग्रामीणों ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक इलाज करने के बाद बस चालक को बीकानेर रेफर किया गया। जबकि दो अन्य को छुट्टी दी गई। इस घटना की जानकारी मिलने पर छतरगढ़़ एसडीएम सीता शर्मा व तहसीलदार राजेश शर्मा भी घटना स्थल पर पहुंचे और बस में सवार सभी सवारियों के बारे में जानकारी ली। इस घटना के बाद बाधित हुए आवागन को फिर से सुचारू करने के लिए थानाधिकारी ने जेसीबी बुलाकर बस को खड़ा किया और आवागमन सुचारू करवाया।