बीकानेर

शहर में फिर मंडराने लगा चेन स्नेचरों का खौफ , फिर तोड़ी महिला की चेन

15 दिन में ही महिला के गले से चेन तोडऩे की दूसरी घटना हो गई, जबकि पहली घटना का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है।
2 min read
• •
Updated: 3 Jul 2018, 7:54 AM IST
chain snature arrested
Chain snatching gang became active in the district

बीकानेर. शहर में फिर चेन स्नेचरों का खौफ मंडराने लगा है। पिछले १५ दिन में ही महिला के गले से चेन तोडऩे की दूसरी घटना हो गई, जबकि पहली घटना का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। राणीसर बास निवासी गौरवसिंह की पुत्री राधिका सिंह रविवार को अपनी सहेली के साथ स्कूटी पर सवार होकर पंचशती सर्किल से पीबीएम अस्पताल की तरफ जा रही थी।

तभी पीछे से बिना नंबरी बाइक पर दो युवक आए और झपट्टा मारकर राधिका के गले से सोने की चेन तोड़ ले गए। वह माजरा समझ पाती, तब तक युवक भाग गए। दिन-दहाड़े हुई घटना की सूचना मिलने पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चेन स्नेचरों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी कराई, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। इस संबंध में पीडि़ता ने सदर थाने में मामला दर्ज कराया है।

पहले भी घटना
गौरतलब है कि सदर थाना क्षेत्र में ही १९ जून को ढोला मारु होटल के पीछे शार्दुलगंज क्षेत्र निवासी मीनाक्षी बांठिया सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे बच्चे को स्कूल से लाने जा रही थी। तब बाइक सवार उसके गले से सोने की चेन तोड़कर भाग गए।


कोडमदेसर में होटल मालिक से मारपीट

बीकानेर. कोडमदेसर स्थित भैंरूजी मंदिर के पास एक निजी होटल पर रविवार देर रात कुछ लोगों ने हंगामा किया। आरोपियों ने होटल मालिक पर जानलेवा हमला भी किया। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नाल पुलिस ने तीन नामजद सहित सात अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

रविवार रात करीब 11 बजे अशोक उर्फ आशुदास, लाला नायक, चैनदास व अन्य लोग एक मिष्ठान भण्डार पर पहुंचे और मालिक से बदसलूकी करना शुरू कर दिया। होटल मालिक गोपीकिशन साध ने विरोध किया तो डंडों से हमला कर दिया। इससे होटल मालिक का बहनोई गंगाशहर निवासी हरि घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, तब तक आरोपित भाग गए।

Published on: