
विदेश भेजने के नाम पर ठगे सवा दो लाख रुपए
बीकानेर . विदेश भेजने के नाम पर एक व्यक्ति से सवा दो लाख रुपए ठगने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में पीडि़त रानीबाजार स्थित पंचमुखा हनुमानमंदिर के पास रहने वाले अनिल कुमार मिश्रा ने कोटगेट थाने में मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी पवन भदावर व उसकी पत्नी मंजू भदावर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
उसने रिपोर्ट में बताया कि उक्त लोगों ने उसे वीजा बनाकर सिंगापुर भेजने की बात की। इसके लिए आरोपितों ने उससे दो लाख 18 हजार 500 रुपए और ऑरिजनल कागजात लिए थे। उक्त आरोपितों ने न तो वीजा बनाया और नही ऑरिजनल कागजात वापस दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आंखों में मिर्ची झोंककर लाठी-सरियों से मारपीट
बीकानेर. शादी समारोह में जा रहे एक व्यक्ति के साथ सोमवार की रात को आंखों में मिर्च झोंकर लाठी व सरियों से मारपीट की गई। घायल युवक को पीबीएम के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार सुभाषपुरा निवासी मुबारक पुत्र नवाब खां के पर्चा बयान पर पोलर व पारु सहित नौ-दस अन्य के खिलाफ जान से मारने की नीयत से मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है।
उसने बताया कि वह सोमवार रात को अपने घर से अपने किसी परिचित के यहां शादी समारोह में जा रहा था। तभी चौखूंटी फाटक के पास पोलर, पारु व नौ-दस अन्य व्यक्ति जो पहले से घात लगाए बैठे थे ,ने उस पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर मारपीट, लज्जा भंग करने का आरोप
बीकानेर. बंगलानगर में स्थित एक परिवार के लोगों के साथ मारपीट करने व महिलाओं के कपड़े फाडऩ़े का मामला प्रकाश में आया है। नयाशहर पुलिस में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार कमला देवी पत्नी रामकिशन सुथार ने रिपोर्ट में बताया कि दोपहर को वह घर का कार्य कर रही थी।
इस दरम्यिान भागीरथ बिश्नोई, अमरचंद, मनफूल, रामस्वरूप, देवेन्द्र, रामेश्वर, रामनिवास अनाधिकृत रूप से घर में आए और पत्थर फेंकने लगे। मना किया तो मारपीट शुरू कर दी तथा लज्जा भंग करने की कोशिश की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सरगना से सोने के जेवर बरामद, जेल भेजा
चोरी के मामले में किया था गिरफ्तार
बीकानेर. बंद घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के मुख्य सरगना अमित उर्फ श्यामा गोदारा से पुलिस ने सोने के जेवरात बरामद कर लिए हैं। आरोपित को मंगलवार को रिमांड खत्म होने पर वापस न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जांच अधिकारी परमेश्वर सुथार ने बताया कि आरोपित की निशानदेही पर इन्द्रा कॉलोनी स्थित उसके घर से चोरी किए सोने के जेवरात बरामद कर लिए गए है। रिमांड खत्म होने पर आरोपित को मंगलवार को फिर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि एमडी कॉलोनी निवासी अशोक बोहरा पांच दिसंबर.17 को ससुर का निधन होने के कारण किशनगढ़ गया हुआ था। पीछे से अज्ञात व्यक्ति घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान चुरा ले गए। पीडि़त ने गंगाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने इस मामले में सुमेर सिंह, अशरफ अली व बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। इनके गिरोह ने शहरभर पुरानी गिन्नाणी, रामपुरा बस्ती में 10 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया था।
कचरे के ढेर में मिले 14 कारतूस
बीकानेर.जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में कचरे के ढेर में जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने कारतूसों को जब्त कर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसआई ओमप्रकाश सियाग को सूचना मिली कि शिवबाड़ी चौराहे के पास कचरे के ढेर में कारतूस पड़े हैं। इस पर वे वहां पहुंचे। उन्होंने कचरे के ढेर से 14 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।