बीकानेर

कांग्रेस पार्षदों ने किया निगम आयुक्त का घेराव

बेसहारा पशुओं और गोशाला के मुद्दे पर जताया रोष

2 min read
Oct 20, 2020
कांग्रेस पार्षदों ने किया निगम आयुक्त का घेराव

बीकानेर. शहर की सडक़ों पर घूम रहे बेसहारा पशु आमजन के लिए समस्या बने हुए है। त्यौहारों के मौके पर ये पशु आमजन के लिए और खतरनाक साबित हो सकते है। सोमवार को कांग्रेस पार्षदों ने बेसहारा पशुओं के पकड़े जाने के काम के अप्रेल से बंद होने और निगम गोशाला को बंद करने की प्रक्रिया शुरू करने के विरोध में निगम आयुक्त पंकज शर्मा का घेराव किया।

पार्षद जावेद पडि़हार के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने इस बात पर रोष जताया कि निगम न अपने स्तर पर और ना ही अनुबंधित फर्म के माध्यम से पशु पकड़ रहा है। करीब साढे पांच माह से यह काम बंद पड़ा है। वहीं निगम गोशाला में एक भी पशु को नहीं डाला जा रहा है। पार्षदों ने निगम गोशाला में रह रहे पशुओं को अन्य गोशालाओं में शिफ्ट करने और निगम गोशाला को बंद करने की निगम प्रशासन व महापौर व मंशा पर विरोध दर्ज करवाया। पार्षदों ने कहा कि जब गोशाला का संचालन करना ही नहीं था फिर करोड़ो रुपए गोशाला पर खर्च क्यो किए गए।

राजस्थान पत्रिका ने सोमवार के अंक में निगम गोशाला पर ताला लगाने की तैयारी और अप्रेल से बेसहारा पशु नहीं पकड़े जाने को लेकर समाचार का प्रकाशन किया। इसे कांग्रेस पार्षदों ने गंभीरता से लेते हुए निगम में आयुक्त के समक्ष अपना विरोध दर्ज करवाया। इस दौरान पार्षद आनन्द सिंह सोढ़ा, रमजान अली कच्छावा, मोहम्मद रफीक, अब्दुल वाहिद, सुनील गेदर, आदर्श शर्मा, अब्दुल सत्तार आदि मौजूद रहे।

उप महापौर मिले आयुक्त से
दशहरा व दीपावली आदि त्यौहारों को देखते हुए सडक़ों पर खुले में घूम रहे बेसहारा पशुओं को पकडऩे की कार्यवाही शुरू करने को लेकर उप महापौर राजेन्द्र पंवार ने कार्यवाहक निगम आयुक्त पंकज शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उप महापौर ने कहा कि शहर के मुख्य बाजारों सहित अत्यधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों से बेसहारा पशुओं को पकडने की कार्यवाही जल्द शुरू की जाए। उप महापौर के अनुसार शहर की सडक़ों से जल्द बेसहारा पशुओं को पकड़े जाने की कार्यवाही शुरू की जाएगी। इस दौरान भाजपा के कई पार्षद उपस्थित रहे।

Published on:
20 Oct 2020 01:19 am
Also Read
View All