बीकानेर

आज बिना बुकिंग हो सकेगा टीकाकरण

टीकाकरण केन्द्रों पर ऑन स्पॉट होगा पंजीयन, शहर से गांवों तक होंगे 187 सत्र  
less than 1 minute read
• •
Updated: 29 Aug 2021, 5:13 PM IST
आज बिना बुकिंग हो सकेगा टीकाकरण
आज बिना बुकिंग हो सकेगा टीकाकरण

बीकानेर. कोविड टीकाकरण की गति को और बढ़ाने के लिए जिले में रविवार को बिना ऑनलाइन बुकिंग के भी टीकाकरण की व्यवस्था रहेगी। आमजन टीकाकरण केन्द्रों पर ऑनस्पॉट पंजीयन करवाकर पहली अथवा दूसरी डोज लगवा सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को जिले में शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक 187 टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 151 टीकाकरण सत्रों का आयोजन होगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ पी चाहर के अनुसार कोविड टीकाकरण की गति को बढ़ाने के लिए बिना बुकिंग ऑन स्पॉट पंजीयन के माध्यम से टीकाकरण की सुविधा की गई है। डॉ. चाहर के अनुसार रविवार को अधिकांश केन्द्रों पर कोविशील्ड व कुछ केन्द्रों पर कोवैक्सीन उपलब्ध रहेगी। चुनींदा शहरी केन्द्रों पर दोनो तरह की वैक्सीन उपलब्ध रहेगी। शहरी क्षेत्र में वैक्सीनेशन ऑन व्हील्स के माध्यम से भी टीकाकरण होगा।

36 हजार वैक्सीन की डोज और मिली

आरसीएचओ डॉ. राजेश कुमार गुप्ता के अनुसार जिले को टीकाकरण के लिए 36 हजार वैक्सीन की डोज और प्राप्त हुई है। इनमें 30 हजार कोविशील्ड व 6 हजार कोवैक्सीन है। डॉ.गुप्ता के अनुसार रविवार को शहर में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, डिस्पेंसरियों, जिला अस्पताल, सेटेलाइट अस्पताल गंगाशहर, पीबीएम के जिरियाट्रिक विंग, पीएमआर बिल्डिंग आदि में हमेशा की तरह कोविड टीकाकरण होगा।

Published on: