बीकानेर

फुटपाथ पर डेयरी बूथ, आवागमन में बाधक, यातायात हो रहा जाम

शहर में कई स्थानों पर फुटपाथ और सडक़ मार्ग पर लगे है डेयरी बूथ न निगम प्रशासन ध्यान दे रहा न ही नगर विकास न्यास

2 min read
Aug 28, 2021
फुटपाथ पर डेयरी बूथ, आवागमन में बाधक, यातायात हो रहा जाम

बीकानेर. शहर में जगह-जगह फुटपाथ और सडक़ों पर डेयरी बूथ लगे है। डेयरी बूथों के कारण आमजन परेशान हो रहे है। दिन में कई बार यातायात जाम होता है। आमजन को हो रही परेशानियों के बावजूद न नगर निगम प्रशासन ध्यान दे रहा है और ना ही नगर विकास न्यास। सार्वजनिक निर्माण विभाग भी अपनी सडक़ों पर डेयरी बूथ लगने के बाद भी मौन साधे हुए है। कई स्थानों पर वॉल टू वॉल सडक़ें बनी होने के बाद भी डेयरी बूथ स्थापित करने की अनुमति प्रदान की जा रही है। संबंधित विभाग भी लोगों को हो रही परेशानी के बाद भी गंभीर नजर नहीं आ रहे है।

एनओसी पर उठ रहे सवाल

सडक़ों और फुटपाथ पर भी डेयरी बूथ लगाने की अनुमति दिए जाने से संबंधित विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे है। बताया जा रहा है कि डेयरी बूथ आंवटित होने से पहले नगर निगम की ओर से अभियंता से सर्वे करवाया जाता है। मौके की रिपोर्ट ली जाती है। फिर एनओसी जारी की जाती है। इसी प्रकार यातायात विभाग से डेयरी बूथ स्थापित करने से पहले एनओसी ली जाती है। उरमूल डेयरी भी सर्वे के बाद एनओसी जारी करता है। तीन विभागों के सर्वे के बाद बूथ लगाने की अनुमति मिलने के बाद भी सडक़ों व फुटपाथ पर बूथ लगना कई सवाल खड़े कर रहा है।

मोहल्लावासियों की स्वीकृति भी हो अनिवार्य

उरमूल डेयरी की ओर से आवंटित किए जा रहे डेयरी बूथ के लिए संबंधित मोहल्लावासियों की भी स्वीकृति लिए जाने की मांग जिला कलक्टर से की गई है। शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता आदर्श शर्मा ने डेयरी बूथ को लेकर सौंपे ज्ञापन में बताया कि डेयरी बूथ आंवटन में सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर निगम, यातायात विभाग, नगर विकास न्यास से ली जा रही स्वीकृति के साथ-साथ संबंधित मोहल्ले के निवासियों की भी स्वीकृति को अनिवार्य किया जाए। वहीं शर्मा ने कलक्टर को बताया कि निर्धारित आकार से बड़े डेयरी बूथ लगाए जा रहे है। जो यातायात में बाधक बन रहे है। वॉल टू वॉल सडक़ों पर डेयरी बूथ आवंटित किए जाने पर आपत्ति दर्ज करवाई गई।

Published on:
28 Aug 2021 04:35 pm
Also Read
View All