बीकानेर

चाइनीज मांझे से युवक की कटी गर्दन, मौत, इस तरह करें बचाव

चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक राकेश उर्फ रज्जू पुत्र आत्माराम मारु की मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 11 Apr 2022, 4:40 PM IST
dead, man neck cut by chinese manjha in bikaner

सदर थाना क्षेत्र में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक राकेश उर्फ रज्जू पुत्र आत्माराम मारु की मौत हो गई। रावतों का मोहल्ला निवासी राकेश घर से म्यूजियम की तरफ जा रहा था। वीर दुर्गादास सर्किल के पास चाइनीज मांझे में उसकी गर्दन उलझ गई। मांझे से गला कट गया और खून की धारा-सी बहने लगी। हादसे के बाद वहां मौजूद लोग उसे पीबीएम अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

राकेश रविवार को बाइक से जेएनवीसी कॉलोनी जा रहा था। सार्दुल सर्किल के पास टेलीफोन एक्सचेंज के सामने वह चाइनीज मांझे में उलझ कर नीचे सड़क पर गिर गया। उसकी गर्दन पर काफी गहरा घाव हो गया। पीबीएम के चिकित्सकों के मुताबिक राकेश की गर्दन के एक तरफ चाइनीज मांझे की वजह से काफी गहरा घाव हो गया था। उसका खून काफी बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक जब अस्पताल आया तब उसकी सांसे चल रही थी। हालांकि चिकित्सक उसका इलाज करते, उससे पहले ही दम टूट गया।

अब तो चेतो प्रशासन
चाइनीज मांझे से हर साल हादसे होते हैं। जिला प्रशासन चाइनीज मांझे पर रोक के आदेश जा भी करता है लेकिन इन आदेशों की कोई पालना नहीं होती। नतीजन शहर में चाइनीज मांझा धड़ल्ले से बिक रहा है। शहर में आए दिन हो रहे हादसों इसके गवाह है कि चाइनीज मांझा चोरी-छिपे बिक रहा है।

अब तक के हादसे
- पिछले साल 19 मार्च को गंगाशहर में पांच वर्षीय कान्हा पिता के साथ बाइक पर बाजार जा रहा था। तब चाइनीज मांझ की चपेट में आ गया। उसके कान व नाक पर सात टांके आए।

- दो अप्रेल 2020 को रानीबाजार पुलिया के पास बाइक सवार बाबूलाल चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया, जिससे उसकी गर्दन पर कट लग गया, गनीमत रही कि वह बच गया। उसके सात टांके आए थे।

-29 मार्च 2019 को पवनपुरी निवासी 13 वर्षीय सौरम घायल हो गया। चाइनीज मांझे से उसके नाक, कान आंख पर घाव हो गया।

-22 अप्रेल 2017 को कोटगेट थाना क्षेत्र में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 23 वर्षीय सुरेश घायल हो गया।

इस तरह करें बचाव
- घर से निकले तब गले में कपड़ा या गमछा रखें।
- छोटे बच्चों को बाइक के आगे बैठाने से परहेज करें।
- बाइक को धीमा चलाएं।
- बाइक में चिकित्सा किट साथ रखें।

Published on: