बीकानेर

सेवारत चिकित्सक आज देंगे त्याग-पत्र, स्वास्थ्य महकमा चिंतित

प्रदेश में 33 जिलों के सेवारत चिकित्सक 33 सूत्रीय मांग-पत्र को लेकर सोमवार को सामूहिक रूप से त्याग-पत्र देकर कार्य बहिष्कार करेंगे।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2017, 12:21 PM IST
resignation letter
त्याग-पत्र

बीकानेर . प्रदेश में 33 जिलों के सेवारत चिकित्सक 33 सूत्रीय मांग-पत्र को लेकर सोमवार को सामूहिक रूप से त्याग-पत्र देकर कार्य बहिष्कार करेंगे। चिकित्सकों के सेवा का सामूहिक बहिष्कार करने के निर्णय से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। चिकित्सा विभाग चिकित्सकों के जोड़तोड़ में जुट गया है। चिकित्सकों के कार्य बहिष्कार के चलते शहर और ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवा बुरी तरह गड़बड़ाने की आशंका है। चिकित्सकों के कार्य बहिष्कार के मद्देनजर पुलिस भी विशेष निगरानी रखेगी।

एसपी मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आरपी अग्रवाल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में 41 सेवारत चिकित्सक हैं, इनमें से 36 आकस्मिक अवकाश पर हैं, पांच अवकाश पर नहीं है। हड़ताल के मद्देनजर पीबीएम अस्पातल में मरीजों को परेशानी नहीं हो, इसके लिए व्यवस्था चाक-चौबंद कर ली गई है।

सीनियर चिकित्सकों सहित सभी रेजीडेंट, सीनियर रेजीडेंट चिकित्सकों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। चिकित्सकों का कार्य बहिष्कार लंबे समय तक रहा तो रेजीडेंंट चिकित्सकों व नॉनक्लिनिक कर्मचारियों की ड्यूटी बढ़ाएंगे। गौरतलब है कि 33 जिलों में सेवारत चिकित्सों को आंदोलन दो माह से जारी है। उन्होंने राज्य स्तरीय विडियो कॉन्फ्रेंसिंग का भी बहिष्कार किया हुआ है।

यहां लगाए चिकित्सक
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि जिला अस्पताल में आठ और गंगाशहर अस्पताल में चार चिकित्सक लगाए गए हैं। चार चिकित्सकों को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं संयुक्त निदेशक बीकानेर जोन कार्यालय में भेजा गया हैं। इस पर भी चिकित्सकों की कमी होने पर और चिकित्सक उपलब्ध कराए जाएंगे। पीबीएम, जिला अस्पताल व गंगाशहर में मरीजों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

आईएमए का समर्थन
प्रदेशाध्यक्ष डॉ. महेश शर्मा एवं प्रदेश महासचिव डॉ. गोपाल सिंह भाटी ने संयुक्त बयान में कहा कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की राज्य शाखा ने सेवारत चिकित्सकों की मांगों का समर्थन किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सेवारत चिकित्सकों की मांगों पर तुरन्त सकारात्मक करने का आग्रह किया। एेसा नहीं करने पर आईएमए के बैनर तले सभी चिकित्सक आंदोलन कर सकते हैं।

ये हैं प्रमुख मांगें
-जनहित में सभी चिकित्सालयों का संचालन एक पारी में हो।
-ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के लिए सभी ग्रामीण चिकित्सकों को 10, 20, 30 का लाभ दिया जाए।
-चिकित्सकों के लिए चिकित्सालयों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता हो।
-चिकित्सकों को पदोन्नति एवं वेतन की बेहतरी के लिए लागू डीएसीपी में किए गए नकारात्मक परिवर्तन वापस लें और इसे मूल भावना के अनुरूप लागू करें। सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाने के फलस्वरूप इसमें आवश्यक संशोधन करें।
-चिकित्सकों के अलग कैडर बनें और चिकित्सा प्रशाशन के पदों पर चिकित्सक ही नियुक्त हों।
-झोलाछाप एवं नीम हकीमों पर कार्रवाई हो।

निर्देशों की पालना
चिकित्सकों की हड़ताल के मद्देनजर सरकार का आदेश मिला है। इसमें कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं निगरानी के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। हड़ताल को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जाएगी। सरकार के मिलने वाले सभी निर्देशों की पालना की जाएगी।
सवाईसिंह गोदारा, पुलिस अधीक्षक, बीकानेर

Published on: