बीकानेर

अंबेडकर जयंती पर निकली महारैली, जगह-जगह स्वागत

शहर में महारैली निकाली गई

less than 1 minute read
Apr 15, 2022
अंबेडकर जयंती पर निकली महारैली, जगह-जगह स्वागत

बीकानेर. भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर गुरुवार को शहर में महारैली निकाली गई। एम एम ग्राउंड से अंबेडकर सर्कल तक निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। ढोल, नगाड़ो और डीजे के साथ निकाली गई रैली में लोग वाहनों सहित दुपहिया वाहनों और पैदल शामिल हुए। बड़ी संख्या में युवतियां और महिलाएं भी शामिल हुई। महारैली में कई युवा हाथों में तिरंगा लेकर भी शामिल हुए।

डीजे पर देशभक्ति गीतों की धुनों के साथ-साथ डॉ. अंबेडकर के जयकारे गूंजते रहे व बच्चे व युवा नाचते-गाते रैली में शामिल हुए। चन्द्रशेखर चांवरिया के अनुसार महारैली एम एम ग्राउंड से जस्सूसर गेट, चौंखूटी पुलिया, पाबूबारी, कसाईबारी, जोशीवाड़ा, कोटगेट, केईएम रोड, सार्दुल सिंह सर्कल, पब्लिक पार्क, तुलसी सर्कल होते हुए अंबेडकर सर्कल पहुंची और मुख्य समारोह में शामिल हुई। महारैली के दौरान पुलिस का पुख्ता जाब्ता शामिल रहा।

जगह-जगह मनुहार, पुष्पवर्षा से स्वागत

महारैली के दौरान पूरे मार्ग में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। जगह-जगह शीतल जल, छाछ, शिकंजी, नाश्ता आदि की मनुहार की गई। विभिन्न संस्थाओं और संगठनों से जुड़े लोगों ने महारैली में शामिल लोगों का स्वागत किया। कोटगेट, केईएम रोड, रतन बिहारी पार्क के आगे, पब्लिक पार्क परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर पानी, छाछ, नाश्ता आदि की व्यवस्था की गई। विभिन्न जातियों, समाज और संगठनों से जुड़े लोगों ने महारैली का स्वागत किया।

कोटगेट िस्थत निगम के सर्कल कार्यालय के समक्ष मुख्य स्वच्छता निरीक्षक अशोक कुमार व्यास व जमादार एकता संघ के अध्यक्ष गणेश चंदेलिया के नेतृत्व में पुष्प वर्षा कर महारैली का स्वागत किया गया। इस दौरान राजकुमार चांगरा, गजराज चांवरिया, नवरतन गोयल, अर्जुन चंदेलिया, सन्नी भाटिया, संजय गोयल, नवल कुमार आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।

Published on:
15 Apr 2022 11:25 am
Also Read
View All