बीकानेर

राजस्थान के इस गांव में पेयजल के लिए टंकी पर चढ़ गए लोग

पेयजल के लिए टंकी पर चढ़े, जताया रोष
less than 1 minute read
• •
Updated: 16 May 2018, 11:50 AM IST
drinking-water-crisis-in-village

बीकानेर . नहरबंदी समाप्त होने के बाद भी शहर और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं हुई है। एेसे में पेयजल किल्लत से परेशान लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।मंगलवार को उदयरामसर गांव में लोग पानी की मांग को लेकर टंकी पर चढ़ गए। ग्रामीणों ने दिनभर प्रदर्शन कर रोष जताया। शहर में भी इंडियन यूथ पावर संस्थान के नेतृत्व में जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता कर्यालय के आगे प्रदर्शन किया गया।

उदयरामसर के ग्रामीणों ने बताया कि बीते तीन माह से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके लिए कई बार जिला प्रशासन, जलदाय विभाग के अधिकारियों और सम्पर्क पोर्टल पर शिकायत की लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। एेसे में ग्रामीण अजय सिंह यादव के नेतृत्व में गांव के बीच में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गए और प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे शुरू प्रदर्शन शाम तक जारी रहा। हालांकि पुलिस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी टंकी से नीचे उतर गए लेकिन, जलदाय विभाग का कोई अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा। प्रदर्शन में अमित यादव, वीर बहादुर, रूपाराम, पवन लेखाला, मूलाराम सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। ग्रामीण बुधवार को फिर प्रदर्शन करेंगे।

मटकियां फोड़ किया प्रदर्शन
इंडियन यूथ पावर संस्थान ने मंगलवार को जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर मटकियां फोडकर प्रदर्शन किया गया। अब्दुल रहमान लोदारा के नेतृत्व में पहुंचे लोगों का आरोप है कि वार्ड 47 के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी की किल्लत अधिक है। इसी तरह वार्ड १, ६, ४७, ४८, २७ व बच्छासर गांव में पानी का संकट खड़ा हो गया है। इसके बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। प्रदर्शन में नारायण जैन, मोहसिन भुट्टा, स्वरूप सिंह, मुरली पन्नू, इमरान, मुमताज शेख, अकबर जोईया, यासीन पडिय़ार, शाहरुख खान आदि शामिल हुए।

Published on: