
शोरूम में खरीदारी करती महिलाऐं।
फेस्टिव सीजन में बाजारों में ग्राहकों की रौनक देखने को मिल रही है। इस दौरान दुकानदारों की ओर से भी ग्राहकों को लुभाने के लिए तरह-तरह के ऑफर दिए जा रहे हैं। ऑनलाइन बाजार को टक्कर देने के लिए विशेष ऑफर और स्कीम्स तैयार की गई है। इलेक्ट्रॉनिक, कपडे या फिर ऑटोमोबाइल दुकानें सभी जगह ग्राहकों की चहल-पहल दिखनी अब धीरे-धीरे शुरू हो रही है। ऑफर के कारण बाजारों में इस बार बिक्री में 15 से 20 फीसदी तक का इजाफा होने की भी संभावना है। बाजार में स्थित दुकानों और शोरूम के बाहर बड़े-बड़े डिस्प्ले में ऑफर की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा बड़ी कंपनियों की ओर से भी सोशल मीडिया के माध्यम से डिस्काउंट की जानकारी लोगों तक पहुंच रही है। साथ ही एडवांस बुकिंग पर भी निश्चित उपहार अभी से ही दिया जा रहा है।
टीवी के साथ टीवी फ्री जैसे ऑफर
इलेक्ट्रॉनिक शोरूम संचालक शैलेश पित्ती ने बताया कि टीवी के साथ टीवी फ्री जैसे ऑफर ग्राहकों को उपलब्ध करवाए जा रहे है। ऑनलाइन बाजार को टक्कर देने के लिए इलेक्ट्रॉनिक समान पर 25 से 30 प्रतिशत तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है। इसमें कंपनियों के अलावा भी खुद के स्तर पर भी अलग से डिस्काउंट उपलब्ध करवाया जा रहा है। मोबाइल की खरीद पर भी अलग-अलग तरह के फाइनेंस का ऑफर दे रहे है। इसके अलावा नियमित ग्राहकों के लिए मोबाइल खरीद पर गिफ्ट भी उपलब्ध करवा रहे है। इसकी वजह से बिक्री में इजाफा हुआ है।
ऑफर और वैरायटी दोनों
साड़ी शोरूम संचालक आदर्श बांठिया ने बताया कि फेस्टिवल सीजन और आगामी शादियों को देखते हुए प्योर वर्क की साड़ियों के अलावा सूट, लहंगा चुन्नी, इंडो-वेस्टर्न की भरपूर वैरायटी विभिन्न डिजाइनों में उपलब्ध करवाई जा रही है। अभी 50 फीसदी सेल जैसे ऑफर और वैरायटी दोनों ही उपलब्ध है। ज्वेलरी शोरूम संचालक रेवंत जाखड़ ने बताया कि ज्वेलरी की खरीद पर उपहार उपलब्ध करवा रहे है। साथ ही दाम अधिक होने की वजह से हल्की ज्वेलरी ग्राहकों को उपलब्ध करवाई जा रही है। जिससे खरीदारी करने में आसानी हो सके।
Updated on:
28 Oct 2026, 7:21 PM IST
Published on:
28 Oct 2026, 7:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.