
Bikaner: पंचायत चुनाव के बाद केला गांव की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)
बीकानेर। छत्तरगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत केलां में सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद हुए बवाल में 23 नामजद सहित 150 से अधिक लोगों के खिलाफ पुलिस पर पथराव, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिए गए 50 लोगों को सोमवार को बीकानेर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।
केला ग्राम पंचायत में रविवार को सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित हुआ था। इसमें जमीला ने जीत दर्ज की। परिणाम आते ही हारने वाले पक्ष के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया। उपद्रवियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और सरकारी वाहनों को निशाना बनाया। ईंट-पत्थर फेंकने से दो-तीन सरकारी वाहनों के शीशे टूट गए। घटना में तीन पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। उपखंड अधिकारी पवन कुमार और थानाधिकारी नवनीत सिंह ने जैसे-तैसे कर हालात संभाले। पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई। बीकानेर से अिरिक्त पुलिस बल गांव पहुंचा और गांव को सुरक्षा घेरे में लिया। पुलिस ने मौके से 50 लोगों को शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिया, जिन्हें सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत धालीवाल ने बताया कि एएसआई रामचरण की रिपोर्ट पर पुलिस ने राजकार्य में बाधा डालने, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें 23 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 150-200 से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका है। मामले में बरकत अली, गांधी मेघवाल उर्फ मेणचंद, याकुब खां, गुलाम रसूल, मुनाफ अली, अत्तु खां सांखला, अमीर शाह, रहमान, नसीरन खां बलोच, मोहम्मद दीन अल्लायर, जमील खां, बबलू, जगमाल खां, मुख्त्यार, इमरान खां, इकबाल जोईया, लाल खां मांझी, कमाल खां, नूर मोहम्मद, मांझी खां, समू खां, गुलाम नबी, मुश्ताक अली को नामजद किया गया है। इसके अलावा 150-200 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कया गया है।
थानाधिकारी नवनीत सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। जांच के दौरान मामले में और नाम जुड़ सकते हैं। पुलिस घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
Updated on:
26 Oct 2026, 10:22 PM IST
Published on:
26 Oct 2026, 10:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.