
प्रदेश में स्कूल शिक्षा विजन 2025 की कवायद शुरू की गई है। इसके लिए बीकानेर संभाग स्तर पर शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, यूनिसेफ, एसआईआरटी, रमसा तथा संबद्ध विशेषज्ञों की कार्यशाला मंगलवार को आयोजित की गई। इसमें आने वाले समय में प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा और आज की स्थिति एवं एसआरटी पाठ्यक्रम की स्थिति पर मंथन किया गया।
साथ ही 2025 में शिक्षा में किस तरह की जरूरतें होगी इसका विश्लेषण किया गया। संयुक्त शिक्षा निदेशक (कार्मिक) विजय शंकर आचार्य ने बताया कि बैठक में आए तथ्यों की रिपोर्ट तैयारी की जाएगी। यह रिपोर्ट राज्य सरकार के स्तर से 2025 स्कूल शिक्षा विजन की रिपोर्ट भारत सरकार के मानव संसाधन मंत्रालय को भेजी जाएगी। भारत सरकार 2025 स्कूल शिक्षा विजन के आधार पर संसाधन विकसित किए जाएंगे।
विद्यार्थियों ने देखा प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र, जानी इलाज की प्रक्रिया
महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के दल ने मंगलवार को प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र गंगाशहर का भ्रमण किया। योग शिक्षक हेमन्त मारु व वत्सला गुप्ता के नेतृत्व में प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से रोगियों के इलाज की प्रक्रिया को जाना।
रोगों को जड़ से मिटाने में कारगर
चिकित्सा प्रभारी दुर्गा देवी व्यास ने प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से इलाज की जानकारी दी। वैद्य महावीर प्रसाद शर्मा ने कहा कि योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा नियमित करने से व्यक्ति शतायु होता है। यह पद्धति सरल एवं सस्ती है और रोगों को जड़ से मिटाने में कारगर है। संस्था मंत्री बनवारी लाल शर्मा ने छात्र-छात्राओं को संस्थान की गतिविधियों के बारे में बताया।
प्राकृतिक चिकित्सा शिविर पांच से
प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र में 5 से 12 नवम्बर तक प्राकृतिक चिकित्सा-योग शिक्षा शिविर का आयोजन किया जाएगा। बनवारी लाल शर्मा के अनुसार चांदमल कोचर की स्मृति में यह शिविर वैद्य महावीर प्रसाद शर्मा के सान्निध्य में लगेगा। शिविर में प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से रोगियों का इलाज किया जाएगा व योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया जाएगा।