बीकानेर

फर्जी परिवहन अधिकारी बन ट्रक चालक से ठगी, पढ़ें पूरी खबर

राजमार्गों पर फर्जी परिवहन अधिकारी बन ट्रक चालक से ठगी का एक और मामला सामने आया है।
2 min read
• •
Updated: 9 May 2018, 1:58 PM IST
cheat case
cheat case

बीकानेर . राजमार्गों पर फर्जी परिवहन अधिकारी बन ट्रक चालक से ठगी का एक और मामला सामने आया है।
शोभासर गांव के पास मंगलवार सुबह जब प्रादेशिक परिवहन विभाग के दल ने एक ट्रक चालक को रोककर दस्तावेज मांगे तो चालक ने दस्तावेज के साथ २५ हजार रुपए का जुर्माना जमा करवाने की रसीद भी दिखाई।

रसीद देख एकबारगी परिवहन अधिकारी सकते में आ गए, लेकिन बाद में उन्होंने प्रथमदृष्टया रसीद को फर्जी मानते हुए ओवरलोड ट्रक को जब्त कर लिया। ट्रक में नमक भरा हुआ था, जो जोधपुर जिले की बाप तहसील से लाया था।

यूं पकड़ में आया फर्जीवाड़ा
विभाग के परिवहन उप निरीक्षक बलराज के अनुसार चालक की ओर से दिखाई गई रसीद फोटो कॉपी लगती है। उन्होंने बताया कि ट्रक में ओवरलोड नमक भरा हुआ था। इस कारण ट्रक को जब्त कर लिया है। जुर्माना अदा करने पर उसे नियमानुसार छोड़ दिया जाएगा।

चालक ने बताया कि परिवहन अधिकारियों ने दो दिन पहले ही उसके खिलाफ २५ हजार रुपए का जुर्माना लगाया था। उसका नाम सुनील कुमार है और वह रघुनाथपुरा (विजय नगर) का रहने वाला है। बलराज ने कहा कि चालक की रसीद पर विभाग की मुहर और उप निरीक्षक के हस्ताक्षर हैं, लेकिन यह विभाग की वास्तविक रसीद और अधिकारियों के हस्ताक्षर से मेल नहीं खाते।

पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
परिवहन विभाग की मिलती-जुलती चालान बुक से रसीद काटने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी एेसे मामले पकड़ में आ चुके हैं। हालांकि मंगलवार को हुए इस खुलासे के संबंध में चालक और विभाग ने कोई मामला दर्ज नहीं करवाया है। राजस्थान पत्रिका ने भी पूर्व में इस तरह के मामलों का खुलासा कर परिवहन विभाग का ध्यान आकृष्ट किया था।

चालक ने नहीं दर्ज करवाया मामला
फ्लाइंग दल की जांच में सामने आया कि चालक के पास रसीद फर्जी थी। विभाग के रसीद क्रमांक और उसके कागज से दिखाई गई रसीद भिन्न है। चालक की ओर से कोई प्रार्थना पत्र या संबंधित थाने में फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं करवाया है। ओवरलोड के चलते उसके ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
राजेश स्वामी, जिला परिवहन अधिकारी, बीकानेर

Published on: