अब 2 बच्चों पर अपनाए गए स्थाई परिवार कल्याण साधन ही होंगे वार्षिक लक्ष्य में शामिल
बीकानेर. परिवार कल्याण सेवाओं में वार्षिक वांछित उपलब्धि स्तर को दो बच्चों पर आधारित कर दिया गया है। दो से अधिक बच्चों पर भी परिवार कल्याण सेवाएं दी जाएगी, लेकिन जिले की उपलब्धि में केवल दो बच्चों पर अपनाए गए स्थाई परिवार कल्याण साधन ही जुड़ेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ पी चाहर के अनुसार वित्तीय वर्ष २०२१-२२ के लिए बीकानेर जिले को 6043 नसबंदी का लक्ष्य मिला है। जिसे प्राप्त करने के लिए विभाग की ओर से सघन योग्य दम्पति सम्पर्क अभियान शुरू किया गया है।
योग्य दम्पति से सम्पर्क कर नसबंदी, अंतरा इंजेक्शन, आईयूसीडी, छाया, ओरल पिल्स व कंडोम जैसे परिवार कल्याण साधनों की जानकारी देने के लिए पूरे देश के साथ जिले भर में जनसंख्या मोबिलाईजेशन (दम्पति सम्पर्क पखवाडा) शुरू किया गया है। 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस से पहले खुशहाल परिवार का पैगाम घर-घर पहुंचाया जाएगा।
डिप्टी सीएमएचओ परिवार कल्याण डॉ. योगेन्द्र तनेजा के अनुसार आगामी 10 जुलाई तक चलने वाले पखवाड़े के दौरान जिले के कस्बे, गांव, ढाणियों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी की ओर से अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर सम्पर्क कर योग्य दम्पतियों को ये अस्थाई साधन उपलब्ध करवाए जाएंगे और स्थाई साधनों के लिए चयनित किया जाएगा। 11 से 24 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा चलाया जाएगा।