
बीकानेर. सार्दुल गंज स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार को उपचार के दौरान हुई महिला मरीज की मौत के बाद गुरुवार को मृतका का पीबीएम अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। मृतका के पति ने सदर थाना पुलिस में निजी अस्पताल के एक चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। सदर थाना पुलिस के अनुसार जीवन रक्षा अस्पताल में उपचार के दौरान वल्लभ गार्डन निवासी शारदा देवी मोदी की मौत हो गई थी। मृतका के पति महेन्द्र कुमार मोदी ने दर्ज करवाई रिपोर्ट में बताया कि अस्पताल के डॉ. विकास पारीक द्वारा गलत उपचार करने के कारण उसकी पत्नी की मौत हुई है।
जिला कलक्टर से मिले परिजन
मृतका के पति महेन्द्र कुमार मोदी ने जिला कलक्टर से मिलकर पत्नी का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की मांग की। इसके बाद जिला कलक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को फोन किया। मृतका का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम होने से पहले उसके परिजनों ने पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के आगे प्रदर्शन कर आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार करने की मांग भी की। सदर थानाधिकारी ऋषिराज के अनुसार मृतका के पति की रिपोर्ट पर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।