
बीकानेर . सुजानदेसर गांव में रविवार रात एक घर के बाड़े में आग लग गई। आग से बाड़े में बंधी तीन गाय झुलस गई और बाइक व साइकिल जल गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने आग को बुझा दिया तथा पशुओं को बाहर निकाल लिया अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सुजानदेसर निवासी मोहनलाल गहलोत के मकान के पास ही एक बाड़ा है, जिसमें वे पशुओं को बांधते हैं। रविवार रात करीब दो बजे बाड़े में अचानक आग लग गई।
आग से कमरे की खिड़कियों के कांच टूटने पर उन्हें घटना का पता चला। तब सभी परिवारजन एवं पड़ोसियों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। तभी मोहनलाल के पुत्र हरीश गहलोत ने बाड़े में बंधी गायों को बाहर निकाला। गायों को बचाने के चक्कर में हरीश का हाथ भी झुलस गया। हरीश ने बताया कि आग से बाड़े में खड़ी बाइक व साइकिल, पशुओं का चारा सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। इस संबंध में हरीश की रिपोर्ट पर गंगाशहर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पौन घंटे में पाया काबू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग काफी तेज थी। आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थी। आग बुझाने के लिए लोगों ने मिट्टी व पानी की बाल्टियां उड़ेली। इसके बाद आसपास के घरों में मोटरें लगाकर आग पर पानी डाला गया। करीब पौन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
चुराई गाय बरामद, आरोपित गिरफ्तार
लूणकरनसर. पुलिस ने एक पखवाड़े पूर्व थाने में गाय चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।सीआई अशोक कुमार बिश्नोई ने बताया कि लूणकरनसर के रोझां निवासी रामलाल जाट ने गाय चोरी के मामला में तीन जनों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। इसमें कार्रवाई करते हुए जांच अधिकारी एएसआई लालचंद सारण ने अबोहर के सरदारपुरा निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर गाय को बरामद किया गया।