
बीकानेर. वेतन वृद्धि सहित कई मांगों को लेकर एक पखवाडे़ से सामूहिक अवकाश और हड़ताल पर चल रहे सरकारी कर्मचारी सोमवार को कार्यालयों में लौट आए। इससे विभिन्न सरकारी कार्यालयों में रौनक रही और कामकाज होने लगा। कर्मचारी लंबित फाइलों के निस्तारण में जुटे रहे, वहीं अपना काम कराने के लिए दिनभर लोगों की भीड़ रही। कार्यालय में यह भी चर्चा रही कि कर्मचारियों को आन्दोलन व महापड़ाव के बाद भी मांगें नहीं मनवाना पाने का अफसोस रहा।
सरकारी कार्यालयों में काम के साथ चल रही चर्चाओं में कुछ पाने की आस में की गई हड़ताल के बाद इस अवधि का वेतन कटौती आदेश कर्मचारियों को अखरता रहा। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर लगी आचार संहिता के कारण विभिन्न विभागों के आन्दोलनरत कर्मचारी मांगें पूरी नहीं होने के बावजूद काम पर लौट आए। विभिन्न विभागों में मंत्रालयिक कर्मचारी, पंचायतीराज, सूचना सहायक सहित कई संवर्गों के कर्मचारियों ने काम संभाल लिया।
चेहरे पर मायूसी
लगभग एक पखवाडे़ तक हड़ताल और सामूहिक अवकाश पर रहने के बाद भी मांगों पर गौर नहीं होने से सरकारी कर्मचारी मायूस हैं। सरकारी कार्यालयों में काम कर रहे कर्मचारियों के चेहरों पर मायूसी नजर आई। वहीं हड़ताल अवधि के लिए वेतन कटौती आदेश पर भी कर्मचारियों में रोष दिखाई दिया। कर्मचारी वेतन कटौती के गुणा-भाग करने में जुटे रहे।