
नोखा. खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल ने बुधवार को यहां आक्रोश रैली में तीखे तेवर दिखाए। एसडीएम ऑफिस के सामने साठिका मामले में धरने स्थल पर सभा में बनीवाल ने कहा कि जिनके पीछे पड़ते हैं, उनको दिन में तारे दिखा देते हैं। वो चाहे सरकार हो या बदमाश।
उन्होंने आरोप लगाया कि नोखा में धारा १४४ का डर दिखाकर ग्रामीणों को सभा में पहुंचने से रोका गया लेकिन, वे धारा १४४ में रोज घूमते है। बेनीवाल ने कहा कि ३६ कौम में जहां कहीं भी अन्याय होगा, पीडि़त को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ेंगे। वह सेवा करने में विश्वास रखते है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के आरोप लगाए। साथ ही कुछ नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि जो किसान के साथ धोखा करेगा, उसे विधानसभा का मुंह नहीं देखने देंगे।
बेनीवाल ने साठिका गांव में अतिक्रमण कार्रवाई से बेघर हुए परिवारों के आंदोलन का समर्थन करते हुए सहयोग करने का वादा किया। सभा को अन्य नेताओं ने भी संबोंधित किया। इससे पूर्व ग्रामीणों ने विधायक बेनीवाल के नेतृत्व में कस्बे के मुख्य मार्गों से आक्रोश रैली निकाली और एसडीएम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। सभा को छात्रनेता मगनाराम केड़ली, श्रवण डूडी, डॉ. विवेक माचरा, आत्माराम तर्ड, दिनेश सारण, लिच्छुराम सारण, मोहनराम चिताणा, पंकज भूरिया, हनुमान गर्ग व चुकीदेवी ने संबोंधित किया।
मंत्री रामप्रताप व परनामी तक पहुंचाया मामला
नोखा. साठिका में अतिक्रमण कार्रवाई से बेघर ७५ परिवारों को पुनर्वास के लिए भूमि आवंटित कराने की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य बिहारीलाल बिश्नोई ने प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी से मुलाकात की। उन्होंने परनामी को पूरे मामले से अवगत कराया। इस पर परनामी ने जिला प्रशासन की ओर से भिजवाए गए प्रस्ताव की जानकारी प्राप्त कर उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
इसके बाद बिश्नोई ने राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव खेमराज चौधरी से मुलाकात कर साठिका प्रकरण में शीघ्रता से सुनवाई करने की बात कही। वहीं बुधवार को बिश्नोई ने बीकानेर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. रामप्रताप से मुलाकात कर उनको भी मामले से अवगत कराया। बिश्नोई ने बताया कि मंत्री ने जिला कलक्टर से बात कर पीडि़तों के पुनर्वास के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए निर्देशित किया।
प्रशासन के साथ वार्ता विफल
सभा के दौरान विधायक बेनीवाल पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों से खुद वार्ता करने पहुंचे। विधायक ने साठिका के बेघर परिवारों को पुर्नवास के लिए भूमि आवंटित कराने व सामणाऊ गांव की तर्ज पर विशेष पैकेज में मुआवजा देने, मृतक बच्ची के परिवार को आर्थिक मदद, एसडीएम व तहसीलदार को निलम्बित करने, पूरे मामले की उच्च अधिकारी से जांच कराने की मांग रखी।
करीब घंटेभर चली वार्ता बेनतीजा रही। अधिकारियों का कहना था कि भूमि आवंटन के प्रस्ताव सरकार के पास भेज दिया है। वार्ता के बाद बेनीवाल ने कहा कि इस मामले में जल्द ही बड़ा आंदोलन करेंगे। वार्ता में एडीएम प्रशासन यशवंत भाकर, एसडीएम कन्हैयालाल सोनगरा, सीओ बनवारी लाल मीणा, पूगल एसडीएम राजेश नायक, तहसीलदार धन्नाराम गोदारा आदि शामिल हुए।