बीकानेर

थर्ड ग्रेड टीचरों की आस फिर रह गई अधूरी, खत्म हुआ तबादला सीजन

तबादलों के लिए अब नए आवेदन नहीं...चस्पा की सूचना, शिक्षा विभाग में तबादलों के लिए अब नहीं लेंगे परिवेदना। निदेशालय के स्तर पर तैयार हो रही अंतिम तबादला सूचियां।
2 min read
Nov 08, 2022
थर्ड ग्रेड टीचरों की आस फिर रह गई अधूरी, खत्म हुआ तबादला सीजन
थर्ड ग्रेड टीचरों की आस फिर रह गई अधूरी, खत्म हुआ तबादला सीजन

बीकानेर. शिक्षा विभाग में तबादलों के लिए शिक्षा मंत्री से लेकर निदेशालय तक को अब तक प्राप्त परिवेदनाओं का निस्तारण कर अंतिम तबादला सूचियां तैयार हो रही हैं। सोमवार को दिनभर शिक्षा निदेशालय के अधिकारी इस पर काम करते रहे। इसी के साथ शिक्षा मंत्री के निर्देश पर उनके निजी और सरकारी सचिव ने तबादलों के लिए नए आवेदन नहीं लेने की सूचना भी चस्पा कर सोशल मीडिया पर वायरल कर रखी है।

शिक्षा मंत्री के निर्देश का हवाला देते हुए सूचना में लिखा गया है कि विद्यालयों में मध्यकालीन शिक्षा सत्र होने एवं बोर्ड परीक्षा नजदीक होने के कारण शिक्षणकार्य में व्यवधान होने के मद्देनजर नवीन स्थानांतरण संबंधी प्रार्थना पत्र स्वीकार किया जाना संभव नहीं है। सूत्रों के मुताबिक शिक्षा मंत्री दो दिन पहले ही अपने पूरे स्टाफ और निदेशालय के अधिकारियों को अब तबादलों के लिए परिवाद नहीं लेने का कह चुके हैं।

इसी के साथ पहले से अलग-अलग स्तर से प्राप्त डिजायर, परिवेदना और शिक्षा मंत्री कार्यालय को मिले तबादला प्रार्थना पत्रों को निस्तारण के लिए सूचीबद्ध किया गया है। माना जा रहा है कि सोमवार देर रात या मंगलवार को सभी तबादला सूचियां जारी कर दी जाएंगी। गौरतलब है कि पिछले दिनों राजस्थान पत्रिका से बातचीत के दौरान भी शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला पहले ही तबादलों पर रोक लगने के संकेत दे चुके थे।

उन्होंने थर्ड ग्रेड टीचरों के ट्रांसफर को लेकर भी बात की थी, जिसमें उन्होंने सीधे तौर पर तृतीय श्रेणी के टीचरों के ट्रांसफर किए जाने से इनकार नहीं किया था, लेकिन तबादला नीति की बात कहते हुए एक बार फिर मामले को आगे के लिए खिसका दिया था। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा शासन काल की तरह कांग्रेस शासन के भी अंतिम छह महीनों में ही थर्ड ग्रेड टीचरों के ट्रांसफर पर कोई फैसला लिया जा सकता है।

Updated on:
08 Nov 2022 02:02 am
Published on:
08 Nov 2022 02:02 am