बीकानेर

अगर आपके पास भी आता है इस तरह का फोन तो हो जाइये सावधान

समीपवर्ती जैतपुर में एक युवक ऐसे ही फोन कॉल के झांसे में आकर 48 हजार रुपए लुटा बैठा है।

2 min read
फ़ोन कॉल

महाजन. हैलो, बधाई हो आपके डेढ़ लाख की लॉटरी निकली है। अगर आप यह राशि प्राप्त करना चाहते है तो हमारे बैंक खाते में सर्विस टैक्स सहित दस हजार रुपए जमा करवाईये। अगर आपके पास भी इस तरह का फोन आता है तो आपको सावधान रहने की आवश्यकता है। समीपवर्ती जैतपुर में एक युवक ऐसे ही फोन कॉल के झांसे में आकर 48 हजार रुपए लुटा बैठा है।

जैतपुर सरपंच ओमप्रकाश ओझा ने बताया कि गांव के पवन कुमार के मोबाइल फोन पर दो दिन पहले एक कॉल आई। फोनकर्ता ने स्वयं को एक निजी मोबाइल कम्पनी का प्रतिनिधि बताते हुए कॉल रेट कम करने के बहाने बातचीत की। इसके बाद में उपभोक्ता के कहने पर कॉल रेट कम करने के लिए फोनकर्ता ने करीब 250 रुपए का रिचार्ज भी करवा दिया।

रिचार्ज होने के बाद उपभोक्ता लालच में आ गया। थोड़ी देर बाद वापस फोन आया तो कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि बधाई हो आपके 1 लाख 36 हजार की लॉटरी हमारी कम्पनी की तरफ से निकली है। फोन करने वाले व्यक्ति ने लॉटरी की राशि प्राप्त करने के लिए नियमानुसार पंजाब नेशनल बैंक के एक खाता नम्बर में तुरन्त 10 हजार रुपए जमा करवाने के लिए कहा।

लालच में आए युवक ने आनन-फानन में रावतसर जाकर पीएनबी की शाखा में फोनकर्ता द्वारा बताए खाता नम्बर में 10 हजार रुपए जमा करवा दिए। थोड़ी देर बाद फिर फोन आया व जल्दी से 15 हजार रुपए और जमा करवाने के लिए कहा गया। युवक ने 15 हजार रुपए भी जमा करवा दिए।

कुछ समय बाद फिर फोन आया व अफसोस जताते हुए कहा कि कम्पनी के नियमानुसार आपको 25 हजार रुपए जमा करवाने पड़ेंगे तभी लॉटरी की राशि आपके खाता नम्बर में भेजी जाएगी। युवक ने इधर-उधर से करके 23 हजार रुपए और जमा करवा दिए। परन्तु फिर भी लॉटरी की राशि उसे नहीं मिली तो उसके होश उड़ गए।

ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ युवक जैतपुर पुलिस चौकी पहुंचा व मामले की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीआई दिगपालसिंह ने बताया कि ऐसे फोन कॉल से सावधान रहना चाहिए। फोन पर बैंक खाता, एटीएम नम्बर सहित अन्य जानकारी नहीं दें।

ये भी पढ़ें

हादसा: ट्रक में लगी भयानक आग, मूंगफली की बोरियां जली
Published on:
28 Dec 2017 12:46 pm
Also Read
View All