
बीकानेर. उत्तर भारत में बारिश कम होने से बांधों में पानी की आवक न्यूनतम होने से मंगलवार को इंदिरा गांधी नहर का रेग्यूलेशन भंग कर दिया गया है। एेसा पहली बार हुआ है कि रेग्यूलेशन कमेटी की ओर से नहरों के तीन में एक समूह को सिंचाई पानी देना निर्धारित करने के बाद सिंचाई पानी को रोककर केवल पेयजल के लिए पानी देने का आपात निर्णय करना पड़ा है।
सिंचाई विभाग के अनुसार बरसात नहीं होने से पौंग बांध में पानी की आवक नहीं हो रही है। अभी महज १३ सौ क्यूसेक पानी की आवक ही हो रही है। कुछ दिन पहले आवक १० हजार क्यूसेक थी। जो अब घटनकर न्यूनतम स्तर पर आ गई है। भाखडा बांध प्रबंधन समिति ने जुलाई में बारिश से पौंग बांध का लेवल बढ़ जाने की उम्मीद से पानी का शेयर निर्धारित किया था। इसी के अनुरूप नहरों में सिंचाई का रेग्यूलेशन जारी कर इंदिरा गांधी नहर को तीन समूहों में से एक समूह में १६ जुलाई तक पानी देने की घोषणा की गई।
उम्मीद पूरी नहीं
बरसात नहीं होने से रेग्यूलेशन निर्धारण समिति की उम्मीद पूरी नहीं हुई। अब हैड ६२० से नहरों के लिए छह हजार क्यूसेक की बजाय दो हजार क्यूसेक ही पानी दिया जा रहा है। मंगलवार को सुबह ६ बजे ३३१९ ही पानी की आवक रही। शाम तक आवक और घटने पर इतने कम पानी से हैड में जल स्तर नहीं बन पा रहाा। जल स्तर कम होने से पानी की गति नहीं बन पा रही। ऐसे में आइजीएनपी में सिंचाई पानी का वरियताक्रम भंग करना पड़ा। करीब २०० क्यूसेक की माइनर भूरासर , चारणवाला में ही सिंचाई का पानी दिया जा रहा है।
आवक बढऩे पर होगा सुधार
पौंग बांध में जलस्तर निर्धारित से कम है। जुलाई में बारिश की उम्मीद मानकर इंदिरा गांधी नहर में सिंचाई की वरीयता १६ जुलाई तक के लिए जारी किया था। बारिश नहीं होने से बांध में मात्र १३ क्यूसेक पानी की आवक ही रह गई है। एेसे में इंदिरा गांधी नहर को मिलने वाले पानी में कटौती कर दी गई है। उम्मीद की जा रही है कि ११ से १७ जुलाई के बीच बारिश होने से बांध में पानी की आवक बढ़ेगी और निर्धारित रेग्यूलेशन में वापस सुधार हो सकेगा।
विनोद मित्तल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (रेग्यूलेशन) इंगांनप, बीकानेर