
नोखा. काकड़ा गांव के सुथारों के मोहल्ले में पानी के अवैध कनेक्शन काटने गई पीएचईडी विभाग की टीम के साथ गालीगलौच व कहासुनी हो गई। वहां पर मामला बढ़ता देखकर टीम को बिना कार्रवाई किए ही वहां से वापस लौटना पड़ा। बाद में इस मामले से विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। ग्रामीण जेइएन चतर सिंह ने बताया कि काकड़ा में २६ लोगों ने राइजिंग लाइन में अवैध रूप से पानी के कनेक्शन कर रखे हैं।
जिससे प्रेमनगर की टंकी में पानी नहीं पहुंचने से उपभोक्ताओं के घरों में सप्लाई बाधित हो रही है। इसकी शिकायत पर रविवार को टीम काकड़ा गांव में पानी के अवैध कनेक्शन काटने गई थी। वहां पर कार्रवाई के दौरान जैसे ही टीम सुथारों के मोहल्ले में स्थित जयसुखराम बिश्नोई के नोहरे में पानी का अवैध कनेक्शन हटाने के लिए अंदर घुसी तो उसने इसका विरोध करते हुए गालीगलौच करना शुरू कर दिया।
मामला बढ़ता देखकर टीम वहां से वापस लौट आई। बाद में नोखा पहुंचकर इस पूरे मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। अब आरोपी के खिलाफ सोमवार को नोखा थाने में राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराया जाएगा। कार्रवाई करने गई टीम में हेल्पर नथूराम, टेक्निकल हेल्पर सांवरमल, बनवारी ओझा, रामजस बिश्नोई आदि शामिल थे।
नोखा में १५०० अवैध कनेक्शन
विभागीय सूत्रों का कहना है कि नोखा कस्बे में १५०० से २००० अवैध पानी के कनेक्शन है। इन अवैध कनेक्शनों को चलते कुछ क्षेत्रों में उपभोक्ताओं के घरों में पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो रही है। इन दिनों गर्मी में पेयजल सप्लाई बाधित होने पर उनकी शिकायतें भी बराबर की जा रही है। इन अवैध कनेक्शनों को लेकर कार्रवाई करने की बात भी कही जा रही है।
वहीं पीएचईडी विभाग ने इन दिनों गांवों में पानी के अवैध कनेक्शन हटाने के लिए कार्रवाई अभियान चला रखा है। जसरासर में वृहस्पतिवार व शनिवार को कार्रवाई के दौरान टीम ने १० अवैध कनेक्शन काटे थे। साथ ही २५ लोगों को स्वयं द्वारा कनेक्शन हटाने की चेतावनी देकर छोड़ा था। बेरासर में १५ दिन पहले कुछ अवैध कनेक्शन काटे गए थे।
कराएंगे मामला दर्ज
काकड़ा में अवैध कनेक्शन हटाने गई टीम के साथ कुछ लोगों ने अभद्र व्यवहार करते हुए गालीगलौच की है। उनके खिलाफ सोमवार को नोखा थाने में राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराया जाएगा।
केके डोगरा, एइएन पीएचइडी विभाग, नोखा।