
बीकानेर. ट्रेन से बीकानेर से अजमेर तक सीधे सफर करना अब भी सपना बना हुआ है। अर्से बाद भी बीकानेर से अजमेर के बीच ब्रॉडगेज लाइन की परियोजना सिरे नहीं चढ़ी। हालांकि रेलवे समय-समय पर स्पेशल ट्रेन चलाता है, लेकिन यह ट्रेन जोधपुर होते हुए जाती है। इसमें करीब ११ घंटे का समय लगता है, जबकि सीधे ट्रेने चले तो बीकानेर से अजमेर का सफर छह-सात घंटे में पूरा हो सकता है। पिछले दिनों गंगानगर से अजमेर के लिए वाया बीकानेर होते हुए ट्रेन चलाई गई थी, इसी तरह छह मई को बीकानेर से सीधे अजमेर के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई गई था। हलांकि इस ट्रेन को जिस रूट से चलाई गई थी, उसमें लोगों को करीब 11 घंटे का सफर करना पड़ा।
यह है प्रस्तावित
मेड़ता से पुष्कर के बीच ब्रॉडगेज लाइन डालने की योजना लंबे समय से प्रस्तावित है। इसके लिए रेल बजट में पूर्व में घोषणा हो चुकी है, लेकिन अभी तक न तो बजट स्वीकृत हुआ और ना ही भूमि का अधिग्रहण हुआ। जानकारी के अनुसार मेड़ता से पुष्कर के बीच 59 किमी तक रेलवे लाइन डाली जानी है। इसके बाद बीकानेर से अजमेर सीधे रेल मार्ग से जुड़ जाएगा।
पूर्व में भेजे प्रस्ताव
सूत्रों की मानें तो उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल की ओर से पहले भी बीकानेर से उदयपुर के बीच रात के समय ट्रेन चलाई जाने के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। इस ट्रेन को मेड़ता बायपास, फुलेरा होते हुए अजमेर से उदयपुर तक चलाया जाना था, लेकिन रिवर्सल व्यवस्था को लेकर बात बनी नहीं। इसके बाद से ही बीकानेर के लोगों को अजमेर के लिए सीधी ट्रेन का इंतजार है।
इसलिए जाते हैं
अजमेर में ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह विश्व प्रसिद्ध है। इसमें जियारत करने के लिए बड़ी संख्या में लोग अजमेर जाते हैं। साथ ही आरपीएससी मुख्यालय, रेवेन्यू बोर्ड सहित कई कार्यालय हैं।
वहीं पुष्कर में ब्रह्माजी का मंदिर है, इस तीर्थ में दर्शन के लिए श्रद्धालु जाते हैं।
फिर तैयार करेंगे सुझाव
नए सिरे से सुझाव तैयार किए जाएंगे। यात्रीभार, रूट, तकनीकी सुविधा सहित सभी पक्षों पर मंथन किया जाएगा।
अभय शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, बीकानेर
नियमित चले
बीकानेर से अजमेर के लिए स्पेशल ट्रेन तो चलाई जा रही है, लेकिन नियमित रूप से सप्ताह में एक दिन भी यदि ट्रेन चले तो लोगों को राहत मिल सकती है। पूर्व में भेजे गए प्रस्तावों की क्रियान्विति होनी चाहिए। यहां से बड़ी संख्या में लोग अजमेर जाते हैं।
जिया उर रहमान आरीफ, प्रदेश सचिव, कांग्रेस कमेटी