बीकानेर

ऊंट उत्सव में बिखरेंगे लोक संस्कृति के रंग, 13 जनवरी से होगी शुरुआत

स्टेडियम में होने वाले उत्सव में लोक संस्कृति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, हेरिटेज वॉक, शोभायात्रा सहित कई प्रतियोगिताएं होगी
2 min read
• •
Updated: 9 Dec 2017, 2:19 PM IST
international camel festival

जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का आयोजन अगले साल 13 व 14 जनवरी को होगा। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होने वाले उत्सव में लोक संस्कृति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, हेरिटेज वॉक, शोभायात्रा सहित कई प्रतियोगिताएं व कार्यक्रम होंगे।

जिला कलक्टर अनिल गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई जिला पर्यटन विकास स्थाई समिति एवं जिला मेला समिति की बैठक में ऊंट उत्सव सहित जिले के मेलों पर चर्चा की गई। गुप्ता ने ऊंट उत्सव के दौरान कानून एवं व्यवस्था, चिकित्सा, सफाई, शौचालय, पेयजल आदि के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

जूनागढ़ किले के सामने निर्मित कियोस्क में फूड एवं क्राफ्ट बाजार लगाया जाएगा। कलक्टर ने देशनोक के श्री करणीमाता मंदिर के नवरात्रा मेले, गणगौर व कोलायत पूनरासर, कोडमदेसर, कतरियासर, बिग्गा, मुकाम, सियाणा आदि स्थानों पर लगने वाले मेलों में मूलभूत सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और पर्यटन समिति सदस्य मौजूद थे।

कैमल सफारी के साथ प्रतियोगिताएं भी
ऊंट उत्सव का आगाज 13 जनवरी को जूनागढ़ से करणी सिंह स्टेडियम तक शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा में राजस्थानी कलाकार पारम्परिक कला का प्रदर्शन करेंगे वहीं ऊंटो का लवाजमा शामिल होगा। सुबह रायसर के धोरों में कैमल सफारी होगी। मेले का उद्घाटन करणी सिंह स्टेडियम में होगा।

यहां आर्मी व आरएसी के बैण्ड का वादन, ऊंट शृंगार, ऊंट बाल कतराई, ऊंट नृत्य, मिस मरवण, मिस्टर बीकाणा प्रतियोगिताएं होगी। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। दूसरे दिन स्टेडियम में रस्साकसी, ग्रामीण कुश्ती, कबड्डी, साफा बांधने, ऊंटनी दुहने, महिला मटका दौड़ सहित कई प्रतियोगिताएं होगी। पारितोषिक वितरण के साथ जसनाथी सम्प्रदाय का प्रसिद्ध अग्नि नृत्य व आतिशबाजी का आयोजन होगा।

मां सारदादेवी जयंती उत्सव आज
श्री रामकृष्ण कुटीर संस्थान के तत्वावधान में शनिवार को सुबह आठ बजे से मां सारदादेवी का जयंती उत्सव मनाया जाएगा। महादेव प्रसाद आचार्य ने बताया कि इस मौके पर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। भक्ति संगीत कार्यकम होगा।

Published on: