बीकानेर

जब कोई सरकार वीक होती, तभी पेपर लीक होता

जन आक्रोश सभा: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने राज्य सरकार को घेरा
2 min read
Jan 14, 2023
जब कोई सरकार वीक होती है तभी पेपर लीक होता
जब कोई सरकार वीक होती, तभी पेपर लीक होता

लूणकरनसर. प्रदेश सरकार के चार साल के कुशासन, भ्रष्टाचार, अपराध समेत कई मुद्दों के विरोध को लेकर कस्बे के हनुमान मन्दिर परिसर में शुक्रवार को भाजपा की जन आक्रोश सभा हुई।

आक्रोश सभा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि जब कोई सरकार वीक होती है तभी पेपर लीक होता है। ये किसानों व गरीबों के बच्चों व उनके परिवारों सपने लीक हो रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर युवाओं के साथ रोजगार देने के नाम पर धोखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने व्यंगयात्मक लहजे में बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने दामाद को करीब सवा सौ बीघा जमीन दी है तथा यह एक कम्पनी स्काई लाइट की है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा, किसानों की कर्जमाफी तथा प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर सरकार को घेरा। ऐसे असुरक्षा के माहौल में कोई उद्योगों में निवेश नहीं करना चाहते तथा लोगों को रोजगार नहीं मिल रहे है। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कुशासन को उखाडऩे में आगामी चुनाव में मदद करने का आह्वान किया।

केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि गहलोत सरकार ने प्रदेश में केन्द्र की योजनाओं पर ब्रेक लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 92 विधायकों के इस्तीफे में स्पीकर ने कुछ नहीं किया। ऐसे में मामला कोर्ट में है तथा कुछ भी हो सकता है। प्रदेश प्रवक्ता एवं चौमू विधायक रामलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सरकार के चार साल में जनता के कोई काम नहीं हुए है। ऐसे में जन आक्रोश यात्रा निकालनी पड़ रही है। कांग्रेस सरकार ने पूर्व की भाजपा सरकार की योजनाओं को बंद करने का काम किया है। लूणकरनसर विधायक सुमित गोदारा ने कहा कि राज्य सरकार के रार साल कुशासन से जनता में आक्रोश है। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बीकानेर संभाग प्रभारी माधोराम चौधरी, सांवतराम पचार, प्रधान कानाराम गोदारा, कैलाश सारस्वत, राजाराम धतरवाल, मण्डल अध्यक्ष मालदास स्वामी आदि ने विचार रखे।

Published on:
14 Jan 2023 01:32 am