बीकानेर

छलनी से किया चांद का दीदार

करवा चौथ - अखंड सौभाग्य के लिए महिलाओं ने की पूजा-अर्चना चन्द्रमा को अघ्र्य देकर व पूजन कर सुनी कथा

less than 1 minute read
Oct 25, 2021
छलनी से किया चांद का दीदार

बीकानेर. पति की दीर्घायु व अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर रविवार को करवा चौथ पर्व मनाया गया। महिलाओं ने दिन भर निराहार रहकर देर शाम चन्द्रोदय पर चन्द्रमा को अघ्र्य देकर पूजन किया व कथा सुनकर व्रत का पारणा किया। पारम्परिक वेशभूषा व आभूषण से सज धज कर महिलाओं ने चन्द्रमा का पूजन किया। छलनी से चन्द्रमा का दर्शन किया व अपने पति के चेहरे को देखकर व्रत का पारणा किया। घर,परिवार व मोहल्ले की महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवा चौथ की कथा सुनी।

मंदिरों में दर्शन -पूजन

करवा चौथ पर व्रतधारी महिलाओं ने मंदिरों में दर्शन -पूजन किए। दोपहर में कई घरों में गीत -नृत्य के आयोजन हुए। महिलाओं व युवतियों ने भाग लिया। सूर्यास्त के बाद घर-घर में चन्द्रमा की पूजन की तैयारियां शुरू हुई। चन्द्रोदय पर अघ्र्य, पूजन कर व्रत का पारणा किया गया।

परम्परानुसार पूजा-अर्चना

करवा चौथ पर महिलाओं ने परम्परानुसार पूजा -अर्चना कर व्रत का पारण किया। चन्द्रोदय के समय घर की छतों पर महिलाओं ने परम्परानुसार चन्द्रमा को अघ्र्य देकर पूजन किया। कमला कॉलोनी क्षेत्र में महिलाओं ने विधि विधान से पूजा -अर्चना की। इस दौरान पूजन के धार्मिक अनुष्ठान हुए। शहर के हर गली, मोहल्ले, चौक सहित बाहरी क्षेत्रों व कॉलोनियों आदि में महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर व्रत का पारणा किया। महिलाओं ने करवा चौथ पर सुहाग सामग्री, वस्त्र, करवा आदि सुहागिन स्त्रियों को भेंट किए।

Published on:
25 Oct 2021 05:05 pm
Also Read
View All