
बज्जू. मुख्य नहर इंदिरा गांधी के आरडी ९६१ से निकलने वाली कोलायत लिफ्ट नहर वितरिका के किसानों को पिछले चार दिनों से बिजली के अभाव में पानी नही मिल रहा है। इससे आक्रोशित किसानों ने सोमवार को बज्जू के सहायक अभियंता कार्यालय के आगे धरना शुरू कर दिया और मांगों को नही मानने पर धरना जारी रखने की बात कही। बीकानेर सर्वहितकारी वरिष्ठ नागरिक मंच के कार्यवाहक अध्यक्ष सहीराम पूनियां व फकीरचंद की अध्यक्षता में धरना शुरू किया। इसके बाद किसानों के प्रतिनिधि मंडल ने कनिष्ठ अभियंता से वार्ता कर ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि लिफ्ट नहर में पिछले चार दिनों से पानी होने के बावजूद बिजली आपूर्ति के अभाव में खेतों तक पानी नही पहुंच रहा है। इस दौरान मांगीलाल पूनियां, त्रिलोकाराम जाणी, पाबूराम, सुरजाराम, बखताराम, माधोसिंह, देवीसिंह, शैतानसिंह, जीयाराम सारण सहित बड़ी संख्या मं किसान मौजूद थे।
वर्षों पुराने खाळों की मरम्मत की मांग
भारतीय किसान संघ तहसील इकाई बज्जू की बैठक सोमवार को चतराराम खीचड़ की अध्यक्षता में हुई। इसमें क्षेत्र के वर्षो पुराने खाळों को तैयार के लिए प्रस्ताव तैयार किया। किसानों ने बताया कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना के द्वितीय चरण के सिंचाई खाळे जर्जर अवस्था में है। बैठक में बगड़ुराम फौजी, विकास गोदारा ने बताया कि जून में चली आंधी के कारण खाळे रेत से भर गए है। इनको साफ करवाने के साथ डाट कवरिंग करने की मांग की है। तहसील उपाध्यक्ष चन्द्रसिंह भाटी ने बताया कि क्षेत्रीय बैंकों द्वारा क्षेत्र के किसानों को बीमा क्लेम भी नही दिया जा रहा है।
चना व सरसों का शीघ्र हो भुगतान
श्रीडृूंगरगढ़. अखिल भारतीय किसान सभा ने समर्थन मूल्य पर हुई खरीद के भुगतान को लेकर जिला कलक्टर को ज्ञापन दिया है। सभाध्यक्ष भंवरलाल भुंवाल ने बताया कि यहां खरीद केन्द्र पर चना व सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीद की गई थी। इस खरीद का भुगतान एक माह से नहीं हुआ है। इस समय फसल बिजान के साथ साथ किसानों के बिजली बिल, बैंक ऋण आदि कई देनदारियां है। यदि इस खरीद का भुगतान शीघ्र ही नहीं किया गया तो आगामी 7 जुलाई को जयपुर आ रहे प्रधानमंत्री से किसान भुगतान की मांग करेंगे। इसके अलावा जिन किसानों ने अपनी फसल बेचने का आवेदन कर रखा है और खरीद की सूचना नहीं आई है, उन किसानों का चना खरीद करवाने की मांग भी नैफेड व राजफैड से की है।