
बीकानेर. बीकानेर में चुनावी सभा के दौरान अपने भाषण में पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि अभी २९ अप्रेल को नामदार (राहुल गांधी) ने अपने ही पार्टी के जिलाध्यक्ष के साथ जो किया और बाल काटने के बारे में जो कहा, यही कांगे्रस की असलियत है।
कामगारों का अपमान करने में इनको बड़ा आनंद आता है। ये गरीब को, मेहनत करने वाले को, उसकी हैसियत दिखाने से कभी नहीं चूकते। साथियो बाल काटने वाला हो, चौकीदार हो, चाय वाला हो, हर कोई अपने कौशल से खाता है। वो नामदारों की कृपा का मोहताज नहीं है। ये अपमान किसी व्यक्ति का नहीं है। मेहनत करने वाले हर इंसान का है। ये अपमान बीकानेर के एक युवक का हुआ है, एेसा नहीं है। ये अपमान बीकानेर के कांग्रेस अध्यक्ष का हुआ है, एसा नहीं है। ये अपमान हम जैसे मेहनतकश लोगों का है।
सभा की झलकियां
काली शर्ट और कपडे़ उतरवाए: प्रधानमंत्री की सभा के दौरान जो लोग काली शर्ट या बनियान पहनकर सभा स्थल पर पहुंचे, सार्दुल क्लब मैदान के द्वार पर ही सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें काले कपड़े उतारने को कहा। इस कुछ लोगों ने काले कपड़े उतार दिए और कुछ वापस भी चले गए।
चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी: प्रधानमंत्री की जनसभा की सुरक्षा व्यवस्था में करीब १७७४ पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहे। प्रचण्ड गर्मी के बावजूद पुलिस जवान सड़कों पर डटे रहे।
तेज हवाओं से खुला टेंट: सभा स्थल पर मोदी के पहुंचने से पहले आंधी चल पड़ी। इससे टेंट की पाइपों के लॉक निकल गए और टेंट का एक हिस्सा खुल गया, जिसे तुरंत ही कार्यकर्ताओं ने ठीक कर दिया।
गाडे-ठेलों पर मोदी का रंग: भीषण गर्मी को देखते हुए सार्दुल क्लब मैदान के बाहर शीतल पेय, नींबू पानी, आइसक्रीम, गन्ना रस आदि के गाडे-ठेले कतारबद्ध लगे रहे। सभा से पहले और सभा के बाद इन गाडे-ठेलों पर भीड़ लगी रही और बिक्री चलती रही। मोदी की सभा के बाहर खडे गाडे-ठेले भी भाजपा और मोदी के रंग से रंगे नजर आए।
प्लास्टिक की थैलियों में पानी: पेयजल व्यवस्था प्लास्टिक की पैक थैलियों से की गई। कार्यकर्ता हर ब्लॉक में पहुंचकर सभा स्थल पर मौजूद लोगों को पानी की थैलियां उपलब्ध करवाते रहे।
हालांकि हजारों की भीड़ के सामने पानी कम पड़ गया। पुलिसकर्मियों को भी कार्यकर्ताओं ने पानी पिलाया।