
बीकानेर. महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर ने नालबड़ी गांव को गोद लिया है और वहां करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाए जाएंगे । इसके लिए सोमवार को विश्वविद्यालय के प्रबंध मण्डल की बैठक हुई । इसमें विश्वविद्यालय का वर्ष 2018-19 का 8142.78 लाख रुपए का बजट पारित किया गया । बैठक में विवि के वित्तीय वर्ष 2018-19 के बजट अनुमान के प्रस्तावों का भी अनुमोदन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. भगीरथ सिंह ने की ।
बजट में विश्वविद्यालय में स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स एवं ऑडिटोरियम निर्माण के लिए राशि का प्रावधान किया गया है । साथ ही विवि में आधारभूत संरचना के विकास के लिए विभिन्न मदों में बजट प्रावधान किए गए हैं । बैठक में तय किया गया कि विवि परिसर की ११०० बीघा जमीन के चारों तरफ सड़क बनाई जाएगी । बैठक के दौरान विवि ने नालबड़ी गांव को गोद लिया। गांव में विवि कई तरह के विकास कार्य करवाएगा। इससे पहले विवि ने कोटड़ी गांव को गोद लिया था ।
कुलाधिपति को भेजेंगे भर्ती प्रस्ताव
बैठक में इस बार गुड एकेडमिक रिकॉर्ड का प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं कर्नाटक विश्वविद्यालय के साथ अकादमिक गतिविधियों को लेकर एमओयू किया गया । बैठक में विद्या परिषद की २१ अप्रेल को 17वीं बैठक के कार्रवाई विवरण का अनुमोदन किया गया । साथ ही विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए निर्धारित योग्यताओं के संदर्भ में भी विचार-विमर्श के बाद प्रस्ताव कुलाधिपति को भिजवाने का निर्णय किया गया ।
बैठक में आगामी सत्र से लर्निंग विद अर्निंग योजना के तहत विद्यार्थियों को स्वरोजगार अवसर के संबंधी प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। बैठक में बीकानेर पश्चिम विधायक डॉ. गोपाल जोशी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि डॉ. सुशील कुमार बिस्सु, डॉ. दिग्विजय सिंह, डॉ. आरजी शर्मा, डॉ. राकेश सक्सेना, विवि के प्रो. एसके अग्रवाल, डॉ. अनिल छंगाणी, डॉ. राजाराम चोयल, डॉ. नारायणसिंह राव एवं कुलसचिव मनोज कुमार शर्मा उपस्थित थे।