
विमल छंगाणी/बीकानेर. नगर निगम राजस्व प्राप्ति के लिए हर संभव प्रयासों में जुट गया है। निगम अब भण्डार परिसर में वर्षों से पड़े कबाड़ और नाकारा वाहनों को बेचकर राजस्व प्राप्त करने का प्रयास कर रहा है। निगम ने इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसके लिए चार सदस्यों की एक सर्वेक्षण कमेटी गठित की गई है।
निगम की ओर से गठित टीम भण्डार परिसर में पड़े कबाड़ और नाकारा वाहनों की अलग-अलग ढेरियां बनाएगी एवं उनकी नीलामी से आय का अनुमान लगाकर आयुक्त को जानकारी देगी। आयुक्त की ओर से नीलामी कमेटी का गठन कर भण्डार में पड़े कबाड़ और नाकारा वाहनों को नीलाम किया जाएगा। निगम अधिकारियों के अनुसार इस नीलामी से निगम को लाखों रुपए का राजस्व मिलने की उम्मीद है।
अलग-अलग ढेरियां
सर्वेक्षण कमेटी के निर्देशन में भण्डार परिसर में कबाड़ की अलग-अलग ढेरियां लगाने का कार्य शुरू हो गया है। प्रतिदिन चल रहे इस कार्य में हल्के व भारी लोहे के साथ रबर, प्लास्टिक, बेकार टायर-ट्यूब, इलेक्ट्रिक सामान आदि के कबाड़ की ढेरियां बनाई जा रही हैं। शनिवार को भी भण्डार परिसर में कबाड़ की अलग-अलग ढेरियां लगाने का कार्य दिनभर चलता रहा।
वर्षों से बंद कमरे खुलेंगे
निगम भण्डार परिसर में कई कमरे ऐसे हैं, जो वर्षों से बंद पड़े हैं। बताया जा रहा है कि इन कमरों में भी निगम का नाकारा सामान पड़ा है। जानकारी के अनुसार सर्वेक्षण कमेटी सदस्यों व निगम अधिकारियों की मौजूदगी में इन कमरों को खोलकर काम नहीं आने वाले सामान की नीलामी की जाएगी। इससे ये कमरे उपयोग में आ सकेंगे व नाकारा सामान की नीलामी से निगम को राजस्व भी मिल सकेगा।
मिलेगा राजस्व
भण्डार परिसर में पड़े नाकारा वाहनों और कबाड़ की नीलामी की जाएगी। इसके लिए प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। नीलामी से जहां निगम को आय होगी, वहीं कबाड़ एवं नाकारा वाहनों से अटा स्थान काम आ सकेगा। भण्डार परिसर में ही कबाड़ की अलग-अलग ढेरियां बनाई जा रही हैं, ताकि नीलामी करने में सुविधा रहे।
निकया गोहाएन, आयुक्त, नगर निगम बीकानेर
सातवें वेतनमान से नगर निगम की बढ़ी चिंता
बीकानेर. सातवें वेतनमान ने नगर निगम की चिंता बढ़ा दी है। बढ़े वेतनमान को देखते हुए निगम अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन के लिए बढ़ी राशि के अनुसार पैसों के जुगाड़ में जुट गया है। निगम की लेखा शाखा से जुड़े कर्मचारियों की मानें तो सातवें वेतनमान के अनुसार निगम को करीब एक करोड़ रुपए प्रतिमाह केवल वेतन के पेटे राशि का जुगाड़ करना होगा।
जानकारी के अनुसार निगम को सरकार से प्रतिमाह चुंगी पेटे राशि मिल रही है। उस राशि से भी सभी कर्मचारियों का मासिक वेतन पूरी नहीं हो रहा है। ऐसे में सातवें वेतनमान से बढ़े वेतन की राशि का जुगाड़ निगम अधिकारियों के सिर पर पसीना बढ़ाने वाला साबित हो रहा है।
करीब 1200 कर्मचारी
नगर निगम में करीब 1200 कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें सफाई कर्मचारियों की संख्या ज्यादा है। निगम अपने कर्मचारियों का वेतन चुंगी पेटे मिल रही राशि तथा अपनी निजी से दे रहा है।
सरकार से मिल रहे प्रतिमाह 3.39 करोड़
सरकार से चुंगी पेटे प्रतिमाह 3.39 करोड़ रुपए मिल रहे हैं, लेकिन वेतन देने में यह पर्याप्त नहीं है। निगम के सहायक लेखाधिकारी गोपालदास शर्मा के अनुसार सातवें वेतनमान से निगम पर वेतन के रूप में और आर्थिक भार बढऩा तय है। यह राशि अनुमानित एक करोड रुपए के आसपास है। चुंगी पेटे मिल रही राशि में हर साल दस फीसदी की बढ़ोतरी होती है।
योजना तैयार की
आयुक्त निकया गोहाएन ने बताया कि नगर निगम ने राजस्व बढ़ाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। आय बढ़ाने को लेकर पूरी योजना तैयार की गई है, ताकि राजस्व की कमी के चलते किसी प्रकार का कोई कार्य प्रभावित न हो।