
बीकानेर. निकाय चुनाव को लेकर सक्रिय हुई दोनों बड़ी पार्टियां कांग्रेस-भाजपा ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने शनिवार को मुख्य चुनाव संचालन समिति और वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति कर दी। दोनों पार्टियां निकाय चुनाव के संभावित दावेदारों से रविवार को आवेदन लेने शुरू कर देंगी। 29 अक्टूबर तक लिए जाने वाले आवेदनों के बाद इनकी प्रदेश स्तर पर दोनों पार्टियां स्क्रूटनी करेंगी।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने बताया कि मुख्य चुनाव संचालन समिति और वार्ड प्रभारी नियुक्ति की घोषणा कर दी गई है। प्रवक्ता नितिन वत्सस के प्रभार में चार लोगों की कमेटी गठित की गई है, जो सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक जिला कांग्रेस कार्यालय डागा चौक में आवेदन लेने का कार्य करेगी।
गहलोत ने बताया कि नितिन के अलावा महासचिव ललित तेजस्वी, सचिव विकास तंवर, सचिव शिव गहलोत को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मुख्य चुनाव संचालन समिति में यशपाल गहलोत, प्रभारी मंत्री सालेह मोहम्मद, मंत्री डॉ बीडी कल्ला, लोकसभा प्रत्याशी मदन गोपाल मेघवाल, प्रभारी उपाध्यक्ष शहर भरतराम मेघवाल, प्रभारी महासचिव रेहान रियाज, प्रभारी सचिव राजेन्द्र गोदारा, कांग्रेस नेता कन्हैया लाल झंवर को शामिल किया गया है।
इसके अलावा जिले प्रदेश कांग्रेस कमेटी पदाधिकारी, पीसीसी सदस्य, वर्तमान निकाय प्रमुख, नेता प्रतिपक्ष, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व महापौर, पूर्व सभापति, पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, पूर्व नगर विकास न्यास अध्यक्ष के अलावा बीकानेर शहर कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत आने वाले सभी अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठ, विभागों के जिला अध्यक्ष सहित अन्य को वार्डों के प्रभारी बनाया गया है।
28 को आएंगे प्रभारी टीटी
भाजपा शहर जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने बताया कि २७ से २९ अक्टूबर तक निकाय चुनाव के संभावित दावेदारों से आवेदन जिला भाजपा कार्यालय में लिए जाएंगे।डॉ आचार्य ने बताया कि जिला प्रभारी सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी 28 अक्टूबर को बीकानेर में नगर निगम चुनाव से सम्बन्धित विषयों पर आवश्यक तैयारी को लेकर बैठक लेंगे।