दिनभर वाहनों की आवाजाही के बीच हर कोई जाम में फंसने को मजबूर है। शहर के मुख्य मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अव्यविस्थत पार्किंग ने लोगों की परेशानी को कई गुना बढ़ा दी है।
नोखा शहर में नेशनल हाइवे अब यातायात सुगमता की बजाय जाम और अव्यवस्था की पहचान बनता जा रहा है। खासकर नागौर रोड मिस्त्री मार्केट क्षेत्र में दिनभर ट्रकों की कतारें और सड़क किनारे अवैध पार्किंग के कारण हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। दिनभर वाहनों की आवाजाही के बीच हर कोई जाम में फंसने को मजबूर है। शहर के मुख्य मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अव्यविस्थत पार्किंग ने लोगों की परेशानी को कई गुना बढ़ा दी है। मिस्त्री मार्केट में मरम्मत सहित अन्य कार्य के चलते वाहन खड़े रहने के कारण हाइवे का बड़ा हिस्सा घिरा रहता है। सड़क किनारे ट्रक सहित अन्य वाहन खड़े रहने मार्ग संकरा हो गया है। यहां से दिनभर वाहन रेंगते हुए निकलते हैं, कई बार तो जाम लग जाता है। कई बार एम्बुलेंस, स्कूल बसें और जरूरी काम से निकलने वाले लोग भी जाम में फंसे रहते हैं। यह समस्या लंबे समय से बनी है, लेकिन जिम्मेदार मूकदर्शक हैं तथा इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। शहरवासियों ने प्रशासन से हाइवे पर ट्रकों सहित अन्य वाहनों की अवैध पार्किंग हटाने, वैकल्पिक पार्किंग स्थल विकसित करने और ट्रैफिक मॉनिटरिंग करने की मांग की है, ताकि नोखा को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
परेशानी की बड़ी वजह
-सड़क किनारे घंटों खड़े रहते भारी वाहन।
-सड़क पर ही ट्रक खड़े कर उनकी मरम्मत करना।
-ट्रैफिक पुलिस की नियमित निगरानी नहीं।-पीक समय में बढ़ता जाम और हादसों का खतरा।
आमजन ने उठाई मांग
-मिस्त्री मार्केट के बाहर नो-पार्किंग जोन घोषित हो।
-शहर में दिन में भारी वाहनों का प्रवेश निषेध हो।
-अवैध पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई हो।
-हाईवे पर स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए।
रायसर रेल फाटक बंद होते ही थम जाती शहर की रफ्तार
रायसर रेलवे फाटक बंद होते ही नागौर रोड और मिस्त्री मार्केट क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। पहले से सड़क किनारे खड़े ट्रकों के कारण यातायात प्रभावित रहता है, ऊपर से फाटक बंद होने पर स्थिति और विकराल हो जाती है। फाटक खुलने के बाद भी जाम लंबे समय तक नहीं खुल पाता और वाहन रेंगते नजर आते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी एम्बुलेंस और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रकों की बेतरतीब पार्किंग हटे बिना इस समस्या का समाधान संभव नहीं है।
जिम्मेदार बोले…
मिस्त्री मार्केट और नागौर रोड क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े भारी वाहनों को हटाने के लिए कार्रवाई की जाएगी। ट्रकों की अवैध पार्किंग और हाईवे पर हो रही बाधा को लेकर संबंधित विभागों से भी समन्वय किया जा रहा है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
-जरनैल सिंह, सीओ नोखा।