बीकानेर

अब 30 नवम्बर तक होगी आधार सीडिंग

bikaner news - Now Aadhaar seeding will be done by 30 November
less than 1 minute read
• •
Updated: 27 Nov 2020, 5:33 PM IST
Now Aadhaar seeding will be done by 30 November
अब 30 नवम्बर तक होगी आधार सीडिंग

बीकानेर.
वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत आधार नम्बर को राशन कार्ड से जोडऩे की अंतिम तिथि अब 30 नवम्बर तक बढ़ा दी गई है। पूर्व में आधार सीडिंग का कार्य 25 नवम्बर तक किया जाना था।

जिला रसद अधिकारी भागूराम महला ने बताया कि राज्य सरकार के आदेशानुसार अंतिम तिथि को बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत आधार सीडिंग कार्य को राजस्थान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल करने का उल्लेख करते हुए अतिरिक्त खाद्य आयुक्त, जयपुर ने सीडिंग कार्य को तीव्र गति से किए जाने और रसद विभाग के अधिकारी और प्रवर्तन निरीक्षकों को प्रतिदिन उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए हैं।

महला ने बताया कि बीकानेर जिले में सभी ब्लॉक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना एनएफएसए के पात्र उपभोक्ताओं के राशन कार्ड में अंकित सदस्यों के आधार नम्बर को जोडऩे का कार्य चल रहा है। महला ने बताया कि कोई भी व्यक्ति जिसको राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत नियमित रूप से राशन प्राप्त होता है, वे अपने राशन कार्ड में अंकित सभी सदस्यों का आधार नम्बर जुड़वा सकते हैं।

उपभोक्ता अपने राशन कार्ड तथा राशन कार्ड में अंकित सभी सदस्यों के आधार नम्बर की फोटो कॉपी लेकर किसी भी ई-मित्रा में जाकर सीडिंग कार्य आसानी से करवा सकता है। यदि किसी उपभोक्ता का स्वयं का अथवा राशन कार्ड में अंकित सदस्यों में से किसी का आधार नम्बर नहीं लिया हुआ तो वो आधार केन्द्र में जाकर आधार कार्ड का रजिस्ट्रेशन करवाते हुए प्राप्त रसीद में अंकित ईआईडी रसीद नम्बर मय तिथि, समय और समय की प्रति प्रस्तुत कर के भी राशन कार्ड से जुड़वाने का कार्य करवा सकता है।

28 नवम्बर से 30 नवम्बर तक के राजकीय अवकाश के दिनों में भी रसद कार्यालय खुला रहेगा तथा आधार सीडिंग कार्य होगा।

Published on: