बीकानेर

अब पटरी पर लौटेगा बाजार, सात बजे तक खुली रहीं दुकानें

bikaner news - Now the market will be back on track, shops open till seven o'clock

2 min read
अब पटरी पर लौटेगा बाजार, सात बजे तक खुली रहीं दुकानें

बीकानेर.
बाजार खुलने के समय में हुई तीन घंटे की बढ़ोतरी के बाद अब व्यापारियों को बाजार के वापस पटरी पर लौटने की उम्मीद जगी है। नई गाइडलाइन के पहले दिन सोमवार को शहर के प्रमुख बाजार और दुकानें शाम सात बजे तक खुली रही। इसके बाद दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों को बंद करना शुरू कर दिया।

इससे पूर्व अनुमत श्रेणी की दुकानों को सुबह छह से शाम चार बजे तक ही खोलने की अनुमति थी। बाजार के तीन घंटे अतिरिक्त खुलने के कारण सोमवार को बाजार में लोगों की भीड़भाड़ भी कम रही। दुकानदारों ने बताया कि सोमवार को ग्राहकों को सामान खरीदने में ज्यादा असुविधा का सामना भी नहीं करना पड़ा। केईएम रोड, फड़बाजार, बड़ा बाजार तथा कोटगेट क्षेत्र में कोविड गाइडलाइन की पालना को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमे से जुड़े अधिकारी भी गश्त लगा रहे थे।


संक्रमण का खतरा कम
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने बताया कि बाजार में भीड़भाड़ होने की स्थिति में कोरोना संक्रमण का खतरा था, लेकिन अब समय बढ़ाने के बाद बाजार में भीड़ कम हो गई है। लोगों के पास सामान खरीदने का समय बढ़ गया है। ऐसे में अब दुकानदारों को भी मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ रहा। मोहता चौक व्यापार मंडल के अध्यक्ष घनश्याम लखाणी ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बाद प्रभावी लॉकडाउन के कारण शहर के कपड़ा बाजार को करोड़ों रुपए के नुकसान का सामना करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि इस नुकसान की भरपाई तो संभव नहीं है, लेकिन अब बाजार वापस पटरी पर लौटता है तो व्यापारियों को कुछ राहत जरूर मिलेगी। उन्होंने बताया कि अब बीकानेर की साडिय़ों को बाहर भेजने में भी आसानी होगी।


आज से सौ फीसदी बनेंगे लाइसेंस
नई गाइडलाइन के बाद मंगलवार से परिवहन विभाग में भी सौ फीसदी वाहन चालकों के लाइसेंस बनने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कोरोना संक्रमण काल से पूर्व जिन वाहन चालकों ने स्लॉट बुकिंग करवाई थी, उनके स्लॉट को पुनर्निधारित कर दिया है। विभाग के जिला परिवहन अधिकारी जुगल किशोर माथुर ने बताया कि वाहन चालक अपने स्लॉट का ऑनलाइन स्टेटस देख सकेंगे। उन्होंने बताया कि पहली बार स्लॉट बुकिंग के दौरान वाहन चालकों के मोबाइल पर मैसेज जाता है, लेकिन स्लॉट के पुनर्निधारित करने की स्थिति में मैसेज नहीं जाता। ऐसे में वाहन चालकों को सजगता रखते हुए इसकी ऑनलाइन देखरेख करनी होगी। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के स्लॉट की तिथि मंगलवार है, वे ऑफिस समय में आकर लाइसेंस संबंधी परीक्षा दे सकेंगे। उल्लेखनीय है कि कोरोना संक्रमण के चलते विभाग प्रतिदिन 95 स्लॉट की बुकिंग कर रहा था। अब मंगलवार से सौ फीसदी यानी 190 स्लॉट की बुकिंग होगी। यानी एक दिन में 190 वाहन चालकों के लाइसेंस बन सकेंगे।

Published on:
30 Jun 2021 08:46 pm
Also Read
View All